यूपी में कांग्रेस ने फिर बढ़ाई संगठन सृजन की समय सीमा, 15 नवंबर तक बूथ कमेटियाँ बनाने का लक्ष्य
कांग्रेस पार्टी संगठन सृजन की गति बढ़ाने में विफल रही है, जिसके चलते समय सीमा तीसरी बार बढ़ाई गई है। अब 15 नवंबर तक बूथ स्तर की कमेटियाँ गठित करने का लक्ष्य है। प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे ने समीक्षा बैठक में जिला व शहर अध्यक्षों से जानकारी ली। दीपावली और एमएलसी चुनाव के कारण समय सीमा बढ़ाने की मांग की गई थी।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। कांग्रेस अपने संगठन सृजन की रफ्तार नहीं बढ़ा पा रही है। विभिन्न कार्यक्रमों के बीच संगठन सृजन की समय सीमा तीसरी बार बढ़ानी पड़ी है। पहले पार्टी ने 30 सितंबर तक बूथ स्तर तक की कमेटियां गठित करने का लक्ष्य रखा था, जिसे अब बढ़ाकर 15 नवंबर कर दिया गया है।
पार्टी नेताओं का कहना है कि मंडल स्तर तक की कमेटियों का गठन कर लिया गया है। 15 से 20 बूथ जोड़कर एक मंडल का गठन किया गया है। प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे ने बुधवार को पार्टी मुख्यालय में ब्रज, बुंदेलखंड व पश्चिमी जोन की समीक्षा बैठक की, जिसमें जिला व शहर अध्यक्षों ने अब तक गठित कमेटियों की जानकारी दी।
जिला व शहर अध्यक्षों ने दीपावली का त्योहार, एमएलसी चुनाव के लिए वोटर फार्म भरवाए जाने व अन्य कार्यक्रमों के चलते बूथ स्तर तक कमेटियों के गठन को पूरा करने के लिए समय सीमा बढ़ाए जाने की मांग की थी। पार्टी ने पिछले वर्ष दिसंबर माह में प्रदेश कार्यकारिणी समेत सभी कमेटियां भंग कर दी थीं, जिसके बाद संगठन सृजन की प्रक्रिया शुरू हुई थी।
बूथ स्तर तक कमेटियों का गठन न होने से फ्रंटल संगठनों का प्रस्तावित विस्तार व नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा भी अटकी है। बैठक में प्रदेश प्रभारी ने कहा कि कार्यकर्ता लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझे और कांग्रेस की विचारधारा को उन तक पहुंचाएं।
प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि हर जिले में पदाधिकारी बेरोजगार युवकों के बीच जाकर उनकी समस्याओं सुनें। प्रदेश मुख्यालय में पूर्व मुख्यमंत्री पंडित कमलापति त्रिपाठी की पुण्यतिथि के अवसर पर वरिष्ठ नेताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।