Jagran Samvadi 2025: बतरस का अनुपम आनंद लेकर आ रहा 'संवादी', लखनऊ में 6 नवंबर से शुरू होगा दो दिवसीय मेला
लखनऊ में 'दैनिक जागरण संवादी' का दो दिवसीय मेला 6 नवंबर से शुरू हो रहा है। इस साहित्यिक और सांस्कृतिक उत्सव में एमजे अकबर, यामी गौतम, चेतन भगत जैसी कई हस्तियां भाग लेंगी। कार्यक्रम लखनऊ विश्वविद्यालय में आयोजित किया जाएगा, जहाँ विभिन्न सत्रों में साहित्य, सिनेमा, कला और संस्कृति पर चर्चा होगी। प्रवेश निःशुल्क है।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। साहित्य, सिनेमा और कला-संस्कृति सहित विविध विषयों के श्रोताओं को बतरस का अनुपम आनंद देने फिर आ रहा है 'संवादी'। हर वर्ष की भांति इस बार भी संवाद का दो दिवसीय सतरंगी मेला 'दैनिक जागरण संवादी' लखनऊ विश्वविद्यालय के मालवीय सभागार में छह नवंबर से सजने जा रहा है। इसमें एमजे अकबर, यामी गौतम, चेतन भगत सहित कई शख्सियतों को सुनने का सुअवसर मिलेगा। दोनों दिन प्रवेश मुफ्त है।
पत्र के साथ मित्र की भूमिका निभाने वाला 'दैनिक जागरण' सामाजिक सरोकारों को लेकर प्रतिबद्ध है। इसी प्रतिबद्धता को लेकर दैनिक जागरण अभिव्यक्ति के उत्सव यानी संवादी का आयोजन प्रतिवर्ष करता है। हर बड़े राज्य और शहर में अपनी उपस्थिति दर्ज करा चुका यह आयोजन अपने बहुरंगी स्वरूप के कारण लोकप्रिय है। देश की कई नामचीन हस्तियां इसके मंच की शोभा बढ़ा चुकी हैं।
इस बार का आयोजन भी अपने विविध रूप लेकर उपस्थित है। छह नवंबर को सुबह 11 बजे विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति और विशिष्टजन उत्सव का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद 'हिंदी हैं हम' सत्र में लखनऊ विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. मनुका खन्ना सहित अन्य वक्ताओं के साथ दैनिक जागरण के राज्य संपादक (उत्तर प्रदेश) आशुतोष शुक्ल संवाद करेंगे।

दोपहर 12 बजे से पहले सत्र में 'अपराधकथा से रोमांस की जर्नी' पर निकलेंगे उपन्यासकार चेतन भगत। उनके हमराही होंगे कवि प्रो. द्वारिका उनियाल। संवाद 'साहित्य के युवा चेहरे' के साथ आगे बढ़ेगा। दोपहर एक बजे से होने वाले इस सत्र का चेहरा कवि पारितोष त्रिपाठी, भाषाविद कमलेश कमल व उपन्यासकार भगवंत अनमोल होंगे।
उनके साथ लेखक राहुल नील विमर्श करेंगे। तीसरे सत्र में दोपहर दो बजे अभिनेता आदर्श गौरव 'वेब सीरीज की तिलिस्मी दुनिया' में उपस्थित होंगे। मनोज राजन उनके साथ चर्चा करेंगे। अगला सत्र 'साधना के 100 वर्ष' बयां करेगा। इसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख रामलाल के साथ दैनिक जागरण के वरिष्ठ समाचार संपादक डा. भारतीय बसंत कुमार संवाद करेंगे।

पांचवें सत्र में अभिनेत्री कुबरा सैत स्मिता श्रीवास्तव के साथ 'सिनेमा और ओटीटी की चुनौतियां' साझा करेंगी। पहले दिन का छठा एवं अंतिम सत्र 'गुरु दत्त की फिल्मों का संगीत' सुनाएगा। इसमें संगीत के अध्येता यतीन्द्र मिश्र के साथ रेडियो जाकी युनूस खान गुरु दत्त के अनसुने किस्से साझा करेंगे।
एमजे अकबर संग अभिनेत्री यामी गौतम को भी सुनने का मौका
अभिव्यक्ति का उत्सव संवादी के दूसरे दिन का पहला सत्र 'महिलाओं की कलम की धार' तेज करेगा। सुबह 11 बजे से इस सत्र में लेखिका वर्तिका नंदा, अंकिता जैन व अनन्या अवस्थी के साथ आकृति विज्ञ अपर्ण संवाद करेंगी। दोपहर 12 बजे से दूसरे सत्र में 'मुगलों का ज्योतिष शास्त्र' दिखाएंगे वरिष्ठ संपादक और पूर्व केंद्रीय मंत्री एम जे अकबर।

इस सत्र का संचालन दैनिक जागरण के अनंत विजय करेंगे। दोपहर एक बजे से तीसरे सत्र 'कथा रंग' में अपनी अनूठी प्रस्तुतियों संग उपस्थित होंगे स्थानीय कलाकार सोम गांगुली, अनमोल मिश्र व चैतन्य श्रीवास्तव। चौथा सत्र दोपहर दो बजे से 'अफसरों की रचनात्मक कलम' की आवाज बनेगा। इसमें गजलकार हरि ओम, लेखक पार्थसारथी सेन गुप्ता, कवि मुकुल कुमार ज्ञानेंद्र शुक्ल के साथ अपनी लेखनी के पीछे का किस्सा साझा करेंगे।
पांचवें सत्र में दोपहर तीन बजे से मेघा परमार 'एवरेस्ट गाथा' सुनाएंगी। छठा सत्र 'छन्नू लाल जी की स्मृति में' होगा। इसमें लोकगायिका मालिनी अवस्थी, संगीत मर्मज्ञ यतीन्द्र मिश्र के साथ आत्म प्रकाश मिश्र छन्नू लाल मिश्र की यादों की पोटली खोलेंगे। सातवें सत्र में शाम पांच बजे दर्शकों से मुखातिब होंगी अभिनेत्री यामी गौतम। उनसे फिल्म समीक्षक विनोद अनुपम सिनेमाई दुनिया पर संवाद करेंगे। अंतिम सत्र में शाम छह बजे कलाकार अंजना चंडोक 'द्रौपदी-गाथा' लेकर उपस्थित होंगी।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।