दीपावली पर यात्रियों की सुविधा के लिए 18 अक्टूबर से चलेंगी अतिरिक्त बसें, 13 मार्गों पर चलेंगी 316 अतिरिक्त बसें
दीपावली के मौके पर यात्रियों की सुविधा के लिए परिवहन विभाग 18 अक्टूबर से अतिरिक्त बसें चलाएगा। 13 मार्गों पर कुल 316 अतिरिक्त बसें चलाने का निर्णय लिया गया है। यह कदम यात्रियों को त्योहार के दौरान होने वाली भीड़ से बचाने और उन्हें आराम से घर पहुंचाने के लिए उठाया गया है। यात्रियों से इन बसों का लाभ उठाने की अपील की गई है।
-1760712136672.webp)
जागरण संवाददाता, लखनऊ। दीपावली के त्योहार पर यात्रियाें की सुविधा के लिए अतिरिक्त बसों का संचालन शनिवार से शुरू हो रहा है। लखनऊ क्षेत्र के 13 मार्गों पर 316 अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी, नौ डिपो की 1055 बसों में से 951 का आवंटन किया गया है। 100 बसों को रिजर्व में रखा गया है, ताकि किसी मार्ग पर यात्री अधिक होने पर उस रूट पर बसें भेजी जाएंगी। सबसे अधिक बसों का संचालन लखनऊ-गोरखपुर, दिल्ली, आजमगढ़ व प्रयागराज आदि के लिए हुआ है। दूसरे राज्यों से आने वालों को घर पहुंचाने के लिए परिवहन निगम की बसें मुख्य मार्गों के साथ ही जिले के सामान्य रूटों पर भी चलती रहेगी।
परिवहन निगम ने दो पहले ही सभी क्षेत्रीय व सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को आदेश जारी किया है कि दीपावली से छठ पूजा तक अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाए। प्रदेशभर में 3000 अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी, संचालन 18 से 30 अक्टूबर तक नियमित चलेगा। एक दर्जन से अधिक मार्गों पर चलने वाली अतिरिक्त बसें किस डिपो से कितनी चलेंगी इसका भी ब्योरा सार्वजनिक कर दिया गया है। निर्देश है कि यदि प्रारंभिक प्वाइंट से 60 प्रतिशत से अधिक यात्री मिलते हैं तो सभी मार्गों के लिए अतिरिक्त सेवाएं चलाई जाएं। सभी बसों को आनरोड रखा गया है।
बसों की निगरानी करने के लिए सहायक यातायात निरीक्षक मोहम्मद नसीम, पुत्तन लाल, मोहम्मद शोएब और चांदबाबू को नोडल अधिकारी बनाया गया है। इसी तरह हर पिकिंग प्वाइंट पर परिवहन कर्मचारियों को तैनात किया गया है, ताकि यात्रियों को बैठाने व उतारने में समस्या न हो। क्षेत्रीय प्रबंधक आरके त्रिपाठी ने बताया कि अधिकतर बसें चारबाग, कैसरबाग, आलमबाग, अवध, हैदरगढ़ और उपनगरीय डिपो से संचालित होंगी। वरिष्ठ अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है, अवध डिपो पर अयोध्या के श्रद्धालुओं को परेशानी न हो इसका ध्यान रखा गया है।
इन मार्गों पर चलेंगी अतिरिक्त बसें
मार्ग का नाम - बसों की संख्या
गोरखपुर - 44
दिल्ली - 55
बहराइच - 26
गोंडा-बलरामपुर - 23
कानपुर - 17
आजमगढ़ - 37
देहरादून - 11
हरिद्वार - 10
वाराणसी - 10
प्रयागराज - 33
आगरा-मथुरा-वाया एक्सप्रेस वे - 20
रायबरेली - 20
रायबरेली-कानपुर-दिल्ली - 10
कुल - 316
इन मार्गों पर बने पिकिंग प्वाइंट
मार्ग - पिकिंग प्वाइंट
अयोध्या - अवध बस स्टेशन कमता
हरदोई - दुबग्गा
प्रयागराज - शनि मंदिर तेलीबाग
सुलतानपुर - अहिमामऊ
कानपुर - अवध चौराहा
स्टेशनों पर 24 घंटे अधिकारी कर्मचारी तैनात
राजधानी के आलमबाग बस टर्मिनल, कैसरबाग, चारबाग पर सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक सहित अन्य वरिष्ठ कर्मचारियों को तैनात किया गया है, जो यात्री सुविधाएं मुहैया कराने में योगदान देंगे। छठ के बाद 30 अक्टूबर बस स्टेशनों पर 24 घंटे अधिकारी व कर्मचारी ड्यूटी करेंगे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।