Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दुधवा-पीलीभीत टाइगर रिजर्व में पर्यटन का नया कीर्तिमान, 1.33 लाख+ पर्यटकों ने किया वन्यजीवों का दीदार

    Updated: Tue, 30 Jun 2026 10:23 PM (IST)

    दुधवा और पीलीभीत टाइगर रिजर्व में इस पर्यटन सत्र में 1.33 लाख से अधिक पर्यटक पहुंचे, जिससे 4.58 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व मिला। ...और पढ़ें

    प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

    प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

    HighLights

    1. दुधवा-पीलीभीत में 1.33 लाख से अधिक पर्यटकों का आगमन।

    2. दोनों टाइगर रिजर्व को 4.58 करोड़ रुपये से अधिक राजस्व।

    3. दुधवा टाइगर रिजर्व में पर्यटकों की संख्या 30% बढ़ी।

    राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश में वन्यजीव पर्यटनलगातार नई ऊंचाइयाें को छू रहा है। पिछले वर्ष एक नवंबर से शुरू हुआ पर्यटन सत्र मंगलवार को समाप्त हो गया। इसके साथ ही प्रदेश के सभी टाइगर रिजर्व बंद हो गए। इस बार दुधवा और पीलीभीत टाइगर रिजर्व पर्यटकों की पहली पसंद बने रहे।

    आठ माह के दौरान दोनों टाइगर रिजर्व में कुल 1,33,194 पर्यटक पहुंचे, जिनमें 1,32,182 भारतीय और 1,012 विदेशी पर्यटक शामिल हैं। पर्यटकों की बढ़ती संख्या से दोनों टाइगर रिजर्व को 4.58 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ है।
    दुधवा टाइगर रिजर्व में इस पर्यटन सत्र के दौरान 75,615 भारतीय और 796 विदेशी, यानी कुल 76,411 पर्यटक पहुंचे।

    वहीं पीलीभीत टाइगर रिजर्व में 56,567 भारतीय तथा 216 विदेशी, कुल 56,783 पर्यटकों ने जंगल सफारी का आनंद लिया। इस पर्यटन सत्र में पर्यटकों को टाइगर, बारहसिंगा, भालू व गैंडा सहित अनेक वन्यजीवों के दीदार हुए।

    पीलीभीत टाइगर रिजर्व में 'दिव्य दर्शन' कार्यक्रम के तहत दिव्यांग बच्चों और उनके अभिभावकों को विशेष सफारी कराई गई। इसके अलावा 110 टूरिस्ट गाइड्स की देखरेख में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों और अन्य पर्यटकों को भी वन क्षेत्र का भ्रमण कराया गया।

    दुधवा टाइगर रिजर्व में इस बार पर्यटकों की संख्या में लगभग 30 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। वर्ष 2025-26 के पर्यटन सत्र में दुधवा टाइगर रिजर्व को 2.96 करोड़ रुपये तथा पीलीभीत टाइगर रिजर्व को 1.62 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ। दोनों टाइगर रिजर्व का कुल राजस्व 4.58 करोड़ रुपये से अधिक रहा, जो वन्यजीव पर्यटन के प्रति बढ़ते आकर्षण का प्रमाण है।

    खबरें और भी

    दुधवा टाइगर रिजर्व

    पर्यटन सत्र भारतीय पर्यटक विदेशी पर्यटक कुल पर्यटक कुल राजस्व
    2023-24 50,961 234 51,195 1,39,73,240 रुपये
    2024-25 57,409 644 58,053 1,86,90,555 रुपये
    2025-26 75,615 796 76,411 2,96,63,324 रुपये

    पीलीभीत टाइगर रिजर्व

    पर्यटन सत्र भारतीय पर्यटक विदेशी पर्यटक कुल पर्यटक कुल राजस्व
    2023-24 54,189 189 54,378 1,35,68,354 रुपये
    2024-25 55,837 452 56,289 1,60,03,136 रुपये
    2025-26 56,567 216 56,783 1,62,02,707 रुपये