Trending

    loading ads...
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    IPL 2026 के धमाल के लिए लखनऊ का इकाना स्टेडियम तैयार, हाई वोल्टेज मुकाबले के लिए फैंस में उत्साह

    Updated: Tue, 31 Mar 2026 10:10 PM (IST)

    लखनऊ के अटल बिहारी इकाना स्टेडियम में बुधवार से आईपीएल का रोमांच शुरू होगा। लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच होने वाले इस हाई-वोल्टेज मुकाब ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    IPL 2026 के धमाल के लिए लखनऊ का इकाना स्टेडियम तैयार।

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    जागरण संवाददाता, लखनऊ। अटल बिहारी इकाना स्टेडियम में बुधवार से दुनिया की सबसे बड़ी लीग आईपीएल का रोमांच शुरू होगा, जहां स्थानीय समर्थक लखनऊ सुपर जायंट्स का उत्साह बढ़ाने के लिए तैयार हैं। टीम के स्टार खिलाड़ी खासकर कप्तान रिषभ पंत, मिचेल मार्श, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव और मोहम्मद शमी दर्शकों के बीच खास आकर्षण बने हुए हैं। इकाना की दर्शक क्षमता 50 हजार है।

    इस मुकाबले के लिए मंगलवार शाम छह बजे तक करीब 80 प्रतिशत टिकट बिक चुके थे और अभी बुधवार दोपहर एक बजे तक का समय बचा है। इस हाईवोल्टेज मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह यह दर्शाता है कि एक बार स्टेडियम हाउसफुल रहने वाला है।

    प्रत्येक दर्शक को स्टेडियम में प्रवेश के समय अपना वैध टिकट प्रस्तुत करना अनिवार्य है। प्रवेश द्वार मैच शुरू होने से तीन घंटे पहले खुलेंगे। यदि टिकट स्कैनिंग मशीन के पढ़ने योग्य नहीं है या उसके बारकोड से छेड़छाड़ की गई है तो ऐसे मामलों में प्रवेश नहीं मिलेगा।

    टिकट केवल एक व्यक्ति के लिए मान्य होगा और स्टेडियम से बाहर जाने के बाद दोबारा प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। दर्शकों को टिकट को स्टेडियम में हर समय अपने पास सुरक्षित रखना होगा और आयोजक या सुरक्षाकर्मियों के मांगे जाने पर दिखाना होगा।

    सैकड़ों किलोमीटर से मैच देखने पहुंचे

    कौशांबी निवासी अमित यादव दिल्ली और लखनऊ के मुकाबले का लुत्फ उठाने के लिए मंगलवार को राजधानी पहुंच गए। उन्होंने बताया कि वह अपनी बुआ के घर पर ठहरे हैं। अमित पिछले पांच वर्षों से लगातार इकाना स्टेडियम आईपीएल के मैच देखने आते हैं। अपने साथ गांव के राजेश यादव को भी लाए हैं।

    अमित कहते हैं कि जब इकाना स्टेडियम नहीं बना था तो वह दो बार दिल्ली में मैच देखने जा चुके हैं, लेकिन अब लखनऊ में अंतरराष्ट्रीय मैच कभी नहीं छोड़ते हैं। वह खुद भी जिलास्तर तक क्रिकेट खेल चुके हैं। उन्होंने कहा, इस बार लखनऊ सुपर जायंट्स में कई बड़े खिलाड़ी हैं और टीम काफी मजबूत है। इस साल एलएसजी आईपीएल का खिताब जीत सकती है।

    प्रतिबंधित वस्तुओं पर सख्त रोक

    यूपीसीए के अनुसार, स्टेडियम में किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित वस्तुओं को लाने पर रोक रहेगी। इनमें बोतल, सिक्के, हेडफोन/ईयरबड, कप, ग्लास, लाइटर, टिन या कैन, म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट, पोर्टेबल स्पीकर, ज्वलनशील या खतरनाक पदार्थ, आतिशबाजी सामग्री, हथियार, हेलमेट, बैग, लैपटॉप, टैबलेट, पावर बैंक आदि शामिल हैं।

    इसके अतिरिक्त ऐसी कोई भी वस्तु जो अन्य दर्शकों के लिए खतरा या असुविधा उत्पन्न कर सकती है, उसे भी प्रतिबंधित किया गया है। केवल मीडिया कर्मी लैपटाप, टैबलेट, पावर बैंक, बैग और चार्जर अपने साथ ले जा सकेंगे।

    आपत्तिजनक संदेश वाले बैनर पर प्रतिबंध

    स्टेडियम में किसी भी प्रकार के व्यावसायिक, राजनीतिक, धार्मिक या आपत्तिजनक संदेश वाले बैनर, झंडे, पोस्टर या अन्य सामग्री को स्टेडियम में लाने की अनुमति नहीं होगी। केवल भारत का राष्ट्रीय ध्वज, बिना किसी व्यावसायिक या प्रचारात्मक संदेश के, ले जाने की अनुमति होगी। खाद्य पदार्थ और शराब को स्टेडियम के अंदर लाने की अनुमति नहीं होगी। स्टेडियम परिसर में धूमपान पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा।

    यह भी पढ़ें- लखनऊ में IPL 2026 के पहले मैच को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी,  2000 पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात; ड्रोन से होगी न‍िगरानी