Lucknow News: बछड़े की मौत से नाराज किसानों ने नगर निगम दफ्तर पर डाला ताला, अधिकारियों में मची खलबली
लखनऊ में बछड़े की मौत से गुस्साए किसानों ने नगर निगम दफ्तर पर ताला लगा दिया जिससे कामकाज बाधित हुआ। किसानों ने गोकशी का मुकदमा दर्ज करने की मांग की। विधान भवन की ओर बढ़ने पर पुलिस ने उन्हें रोका जिसके बाद वे धरने पर बैठ गए। आश्वासन के बाद किसान शांत हुए पर नगर निगम में धरना जारी है। किसानों ने मौके पर ही भोजन बनाकर खाया।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। विस्तारित क्षेत्र से पांच मवेशियों को पकड़े जाने के दौरान एक साल के बछड़े की मौत से नाराज और गोकशी का मुकदमा दर्ज करने की मांग पर किसानों ने सोमवार दोपहर एक बजे नगर निगम मुख्यालय को घेर लिया।
ट्रैक्टर से भर आए किसानों मुख्यालय के मुख्य गेट व अन्य सभी गेटों पर ताला डाल दिया। किसानों ने मुख्यालय के सामने की आधी सड़क को घेर लिया। दोपहर तीन बजे तक कोई सुनवाई न होने पर किसानों ने विधान भवन की तरफ कूच कर दिया।
पुलिस ने घेराबंदी कर किसानों को दारुलशफा विधायक निवास के पास घेर लिया तो किसान धरने पर बैठ गए। पकड़े गए पशुओं को दो दिन में छोडऩे व अन्य कार्रवाई किए जाने का आश्वासन मिलने के बाद किसान मान गए लेकिन नगर निगम मुख्यालय में उनका धरना जारी है।
भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष आलोक वर्मा का कहना है कि 11 सितंबर को नगर निगम की टीम लालजी टंडन वार्ड के बरावन कला दुबग्गा गई थी। टीम ने पशुओं को बेरहमी से पकड़ा और एक साल के बछड़े की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई, यह कृत्य अमानवीय था। इसलिए इस मौत के जिम्मेदारों पर मुकदमा दर्ज करने के साथ ही बिना किसी जुर्माने के मवेशियों को छोड़ा जाए।
नगर निगम में ठप हो गया कामकाज
किसानों के आने और तालाबंदी से नगर निगम में कामकाज ठप सक हो गया। काम कराने आए लोगों को बैरंग होना पड़ा। कई इलाकों को दूसरे गेट से बाहर निकलना पड़ा। इस कारण जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने से लेकर भवन कर जमा करने आए लोग अंदर नहीं जा पाए।
लालबाग में रेंगता रहा यातायात
आधी सड़क पर किसानों का कब्जा था, लिहाजा लालबाग वाली सड़क पर दूर तक जाम लग गया था। जाम का एक कारण यह भी था कि नगर निगम मुख्यालय के आसपास अव्यवस्थित खड़े वाहनों से भी जाम लग रहा था, जबकि नगर निगम में पूर्व सैनिकों को तैनात किया गया है, लेकिन वे व्यवस्था बनाने में कोई दिलचस्पी लेते नहीं दिखे।
भोजन भी तैयार कर किसानों ने खाया
किसान अपने साथ भोजन बनाने का इंतजाम करके ही आए थे। अंगीठी जलाकर तहरी बनाई गई और उसे खाने के बाद किसान विधान भवन की तरफ कूच कर गए।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।