रक्षाबंधन पर 63 लाख महिलाओं और 15 लाख सहयात्रियों ने की मुफ्त में यात्रा, परिवहन मंत्री ने CM Yogi का जताया आभार
रक्षाबंधन पर उत्तर प्रदेश सरकार ने महिलाओं और उनके साथ एक सहयात्री के लिए 66 घंटे की मुफ्त बस यात्रा की सुविधा दी। लगभग 63 लाख महिलाओं और 15 लाख सहयात्रियों ने लाभ उठाया। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में सराहनीय कदम बताया और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद दिया। उन्होंने परिवहन निगम के कर्मचारियों की प्रशंसा की।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। रक्षाबंधन पर्व पर महिलाओं व उनके साथ एक सहयात्री के लिए 66 घंटे मुफ्त यात्रा की सुविधा दी गई। इस दौरान प्रदेशभर की लगभग 63 लाख महिलाओं व 15 लाख सहयात्रियों ने निश्शुल्क यात्रा का लाभ उठाया।
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताते हुए कहा, प्रदेश सरकार की घोषणा प्रदेश की महिलाओं, बहनों व बेटियों के लिए अत्यंत सराहनीय जनहित कदम रहा।
उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की 12 हजार से अधिक बसों में मुफ्त यात्रा सरकार की महिला सशक्तीकरण के प्रति संवेदनशीलता को भी दर्शाती है। यह कदम महिलाओं के सम्मान, स्वाभिमान और सुरक्षा को नई दिशा देने वाला रहा।
मंत्री ने कहा, रक्षाबंधन पर लाखों बहने अपने भाईयों तक सहजता से पहुंच सकी और अपने परिवार के साथ इस पर्व को धूमधाम से मनाया। उन्होंने परिवहन निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके कार्य की प्रशंसा की। यह भी कहा कि इस दौरान निगम के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों ने पूरी लगन व मेहनत के साथ कार्य करते हुए सराहनीय योगदान दिया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।