Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    लखनऊ में सालों से बंद तंबाकू फैक्ट्री की दीवार भरभरा कर गिरी, मलबे में दबकर छात्रा की मौत

    By Vrinda SrivastavaEdited By:
    Updated: Tue, 08 Nov 2022 07:51 AM (IST)

    फैक्ट्री के आस पास रहने वाले लोगों का कहना है कि फैक्ट्री की दीवार बहुत जर्जर हो चुकी थी। वह कभी भी गिर सकती थी। इस कारण कुछ मोहल्ले के लोग तो उसके आस पास से गुजरते भी नहीं थे। कई बार फैक्ट्री मालिक से इसकी शिकायत की गई।

    Hero Image
    सालों से बंद तंबाकू फैक्ट्री की दीवार ढहने से मलबे में दबकर छात्रा की मौत.

    लखनऊ, संवाद सूत्र। पारा के मोहान रोड सोना विहार में सालों से बंद पड़ी तंबाकू फैक्ट्री की करीब 20 फीट ऊंची दीवार सोमवार को एकाएक भरभरा कर ढह गई। इस बीच रास्ते से गुजर रही 16 वर्षीय छात्रा पलक शर्मा मलबे में दब गई। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। छात्रा ट्यूशन पढ़ाने जा रही थी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मौके पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी और स्थानीय लोगों की मदद से मलबा हटवाया। इंस्पेक्टर पारा दधिबल तिवारी के मुताबिक, टिकैतराय तालाब के पास रहने वाले एक खत्री परिवार की तंबाकू की फैक्ट्री पारा के सोना विहार में है। फैक्ट्री सालों से बंद है। सोमवार को एकाएक फैक्ट्री की 20 फीट ऊंची और करीब 14 इंच की मोटी दीवार भरभरा कर गिर गई।

    इस बीच रास्ते से गुजर रही पलक शर्मा मलबे में दब गई। दीवार ढहने से तेज धमाका हुआ तो आस पड़ोस के लोग भी निकल आए। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से मलबे में दबी पलक को निकालकर उसे ट्राम सेंटर भेजा गया। ट्रामा सेंटर में डाक्टरों ने पलक को मृत घोषित कर दिया।

    इस बीच छात्रा के पास से मिले दस्तावेजों से उसकी शिनाख्त हुई। पता चला कि छात्रा सोना विहार स्थित अजय अवस्थी के मकान में किराए पर अपने परिवार के साथ रहती थी। घटना की जानकारी पर उसकी मां सीता शर्मा, दादी मालती, बहन सिमरन, परी पहुंची।

    सीता ने बताया कि बेटी पंडित दीन दयाल उपाध्याय महिला महाविद्यालय से बीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी। वह घर और अपने पढ़ाई का खर्च निकालने के लिए ट्यूशन पढ़ाती थी। बेटी ट्यूशन पढ़ाने के लिए घर से निकली थी। इंस्पेक्टर ने बताया कि अभी इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। छात्रा के घरवाले जो भी तहरीर देंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

    बेटी की शव देख गश खाकर गिरी मां और दादी : ट्रामा सेंटर में बेटी पलक का शव देखते ही मां सीता और दादी मालती गश खाकर गिर पड़ीं। उनकी हालत बिगड़ते देख आस पड़ोस के लोगों ने उन्हें ढाढस बंधाते हुए शांत कराया। सीता ने बताया कि उनके पति विवेक की कई साल पहले मौत हो चुकी थी। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। वह घरों में खाना बनाने का काम करती हैं और बेटी अपनी पढ़ाई के साथ ही ट्यूशन पढ़ाती थी। दोनों खर्च से अन्य बेटियों की पढ़ाई होती थी।

    लोगों ने फैक्ट्री मालिक पर लगाया लापरवाही का आरोप : फैक्ट्री के आस पास रहने वाले लोगों का कहना है कि फैक्ट्री की दीवार बहुत जर्जर हो चुकी थी। वह कभी भी गिर सकती थी। इस कारण कुछ मोहल्ले के लोग तो उसके आस पास से गुजरते भी नहीं थे। कई बार फैक्ट्री मालिक से इसकी शिकायत की गई पर वह रसूख वाले हैं। उन्होंने कोई सुनवाई नहीं की।

    घंटो इलाके की बिजली गुल, लोग रहे परेशान : हादसे के दौरान दीवार गिरने से एक बिजली का खंभा भी गिर गया था। जिससे पूरे इलाके की बिजली चली गई थी। स्थानीय लोग घंटों परेशान रहें।