बुंदेलखंड के कायाकल्प में केन बेतवा लिंक परियोजना कैसे साबित होगी वरदान, समझें; 21 लाख लोगों को मिलेगा पीने का पानी
केन बेतवा लिंक परियोजना बुंदेलखंड के कायाकल्प के लिए एक वरदान साबित होगी। इस परियोजना के पूरा होने पर झांसी महोबा बांदा और ललितपुर के 2.51 लाख हेक्टेयर खेतों में सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध हो सकेगा। साथ ही 21 लाख लोगों तक पेयजल की उपलब्धता कराई जा सकेगी। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के बारे में विस्तार से जानें और यह कैसे बुंदेलखंड के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। केन बेतवा लिंक परियोजना बुंदेलखंड के कायाकल्प के लिए वरदान साबित होगी। इस परियोजना के पूरा होने पर झांसी, महोबा, बांदा और ललितपुर के 2.51 लाख हेक्टेयर खेतों में सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध हो सकेगा। साथ ही 21 लाख लोगों तक पेयजल की उपलब्धता कराई जा सकेगी। 44,605 करोड़ रुपये की इस परियोजना में 90 प्रतिशत अंशदान केंद्र का होगा बाकी 10 प्रतिशत राशि राज्य सरकार वहन करेगी।
परियोजना का शिलान्यास 25 दिसंबर को किया गया है, लेकिन राज्य सरकार पहले ही इस पर काम शुरू कर चुकी है। बांदा में केन बेतवा लिंक परियोजना का कार्यालय खोला जा चुका है। जिन चार जिलों को इस परियोजना से लाभान्वित होना है उनका ट्रापोग्राफिकल सर्वे (जमीनी सतह का सर्वेक्षण) किया जा चुका है। अगले वर्ष के शुरुआत में डीपीआर (डिटेल परियोजना रिपोर्ट) बनाने का लक्ष्य है।
परियोजना के तहत 24 किलोमीटर की नहर बनाने के लिए टेंडर की प्रकिया भी शुरू करने की तैयारी की जा रही है। 245 हेक्टेयर भूमि के अधिग्रहण को लेकर ग्राम पंचायतों को चिह्नित किया जा चुका है। इसी माह हुई कैबिनेट की बैठक में परियोजना की पुनरीक्षित लागत के अनुसार 1,192 करोड़ रुपये की मंजूरी भी दी जा चुकी है।
महोबा में अर्जुन सहायक परियोजना का जायजा लेते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ
बुंदेलखंड के लिए अर्जुन सहायक नहर परियोजना को दो वर्ष पहले ही पूरा किया जा चुका है। सिंचाई के संसाधनों के विस्तार और सूखे के समय मवेशियों की प्यास बुझने के लिए सरकार ने खेत तालाब योजना भी चला रही है। पिछले साल इस योजना के तहत करीब 3,370 ताल खुदवाए गए थे। इस वित्तीय वर्ष का लक्ष्य 8,499 तालाब खुदवाने का है।
13 एजेंसियां कर रही डिजाइन पार्ट का काम
प्रेशराइज्ड पाइप इरीगेशन सिस्टम को स्थापित करने के लिए झांसी और महोबा में इन दिनों 13 एजेंसियां डिजाइन पार्ट का कार्य कर रही हैं। इसमें पंपों का डिजाइन, मुख्य पाइप लाइन और पंप हाउसों की स्थापना का खाका तैयार किया गया है। जनवरी माह के अंत तक सर्वे का यह कार्य पूरा किया जाएगा।
चार जिले होंगे लाभान्वित
केन बेतवा लिंक परियोजना में 90 प्रतिशत धनराशि केंद्र व 10 प्रतिशत राज्य को वहन करना है। 5121 करोड़ रुपये की लागत तैयार होने वाली केन बेतवा लिंक परियोजना से सबसे ज्यादा झांसी, बांदा, ललितपुर और महोबा लाभान्वित होंगे। नदी जोड़ों अभियान की इस परियोजना में प्रेशराइज्ड पाइप इरीगेशन सिस्टम सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।