Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    यात्री पहुंच गई नाइजीरिया और बैग रह गए भारत में, कहा- 24 घंटे में होगी डिलीवरी; चार दिन से महिला परेशान

    Updated: Tue, 02 Sep 2025 10:32 AM (IST)

    लखनऊ से दिल्ली होते हुए नाइजीरिया जा रही एक महिला यात्री के दो बैग लखनऊ एयरपोर्ट पर ही छूट गए। दिल्ली एयरपोर्ट पर उन्हें 24 घंटे में सामान पहुंचाने का वादा किया गया पर नाइजीरिया पहुंचने के बाद भी सामान नहीं मिला। इंडिगो एयरलाइन की लापरवाही से परेशान महिला कस्टमर केयर पर लगातार संपर्क कर रही है लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ है।

    Hero Image
    लखनऊ एयरपोर्ट पर छूटे नाइजीरिया जा रहे यात्री के दो बैग

    जागरण संवाददाता, लखनऊ। परिवार सहित नाइजीरिया जा रही महिला यात्री के दो बैग चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर ही छूट गए। यात्री दिल्ली एयरपोर्ट पहुंची और वहां से 24 घंटे में सामान नाइजीरिया पहुंचाने की बात कही गई। यात्री नाइजीरिया पहुंच गई लेकिन सामान नहीं मिला। इंडिगो एयरलाइन के कस्टमर केयर नंबर पर कई बार फोन करने पर भी कोई सहायता नहीं मिली।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    महिला यात्री सानिया अभि कुमार पति अभिषेक कुमार और दो बच्चो के साथ 28 अगस्त को लखनऊ से इंडिगो की रात 10:10 बजे की उड़ान 6ई-6480 से दिल्ली जाने के लिए लखनऊ एयरपोर्ट पहुंची थी। दिल्ली से उनकी नाइजीरिया के अबुजा के लिए उड़ान थी। सानिया की दिल्ली से नाइजीरिया की इंटरनेशनल उड़ान में अधिक सामान ले जाने की अनुमति थी।

    लखनऊ से दिल्ली की घरेलू उड़ान होने के कारण उनको अतिरिक्त सामान को ले जाने का शुल्क देना पड़ा। बोर्डिंग प्रक्रिया पूरी करने के बाद वह जब वह सिक्यूरिटी एरिया में पहुंची तो एयरलाइन की ओर से उनको संपर्क करने का एनाउंस किया गया। सानिया के पति अभिषेक कुमार इंडिगो के काउंटर पर पहुंचे तो बताया गया कि उनके दो बैग में कोई संदिग्ध वस्तु है। इसकी जांच करना है।

    जांच में बाल मिली जिसे निकालने के बाद वापस बैग को सील कर दिया गया। सानिया जब दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल -एक पर पहुंची तो यहां उनके वहीं दो बैग नहीं मिले जिनको खोलकर जांच की गई थी। यहां इंडिगो एयरलाइन के काउंटर पर उनको दोनों बैग 24 घंटे में नाइजीरिया पहुंचाने की बात कहते हुए इसकी रसीद भी दी गई।

    टर्मिनल-3 से 29 अगस्त की सुबह 4:30 बजे की उड़ान से वह नाइजीरिया रवाना हो गईं। नाइजीरिया पहुंचने के बाद भी जब वह ट्रैकिंग आइडी चेक कर रही हैं तो सामान की लोकेशन लखनऊ दिख रही है। पिछले चार दिनों से सानिया अपने बैग को पाने के लिए 100 से अधिक बार कस्टमर केयर पर संपर्क कर चुकी हैँ। उनका आरोप है कि कस्टमर केयर पर दो से तीन बार फोन उठे और हर बाद नया नंबर देकर उसपर संपर्क करने को कहा गया है।

    comedy show banner