बिहार चुनाव में BJP की सीट पूछने पर मेडिकल स्टोर संचालक ने डेंटिस्ट को पीटा, दांत से भी काटा
लखनऊ के मल्हौर इलाके में बिहार चुनाव पर चर्चा करने के दौरान एक डेंटिस्ट पर हमला हुआ। मेडिकल स्टोर संचालक चंद्र प्रकाश यादव ने डेंटिस्ट से गाली-गलौज की और मारपीट की। आरोप है कि उसने पथराव भी किया और दांत से काटा। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। डॉक्टर ने क्लिनिक बंद करने और जान से मारने की धमकी मिलने की भी शिकायत की है।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। मल्हौर इलाके में बिहार चुनाव के बारे में बात करने पर डेंटिस्ट को मेडिकल स्टोर संचालक चंद्र प्रकाश यादव ने उन्हें गालियां देते हुए लात घूसों से पीटा। पथराव करते हुए दांत से काट लिया।
इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि पीड़ित डेंटिस्ट की तहरीर पर चंद्र प्रकाश यादव समेत दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। तलाश में दबिश दी जा रही है।
चिनहट के निजामपुर निवासी डा. श्रवण कुमार तिवारी मल्हौर में दांत का क्लीनिक चलाते हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार रात वह क्लीनिक बंद कर घर लौट रहे थे। क्लीनिक के पास ही उनके एक परिचित मिल गए। उनसे बातचीत करने लगे। बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा की सीटों के बारे में पूछा।
यह बात सुनते ही पड़ोस में मेडिकल स्टोर संचालक चंद्र प्रकाश यादव पहुंचे। आरोप है कि चंद्र प्रकाश ने उनसे अभद्रता की। गाली-गलौज करने लगे। दुकान से डंडा निकाल लाए और उन पर हमला बोल दिया। शोर सुनकर उसका साथी जसवंत यादव भी आ गया। उसने भी हमला बोल दिया। पीटते हुए पथराव कर दिया।
दांत से हाथ में काट लिया। हमले में डॉक्टर श्रवण घायल हो गए। आस पड़ोस के लोग जुटे तो हमलावर चंद्र प्रकाश और जसवंत फरार हो गए। पीड़ित डा. श्रवण कुमार के मुताबिक हमले से उनकी घड़ी और सोने की चेन टूटकर गिरी और गायब हो गई।
इसके साथ ही चंद्र प्रकाश ने क्लीनिक बंद कर दुकान छोड़ने की धमकी दी। विरोध पर जान से मारने ने की धमकी दी। डाक्टर के मुताबिक चंद्र प्रकाश ने उनसे 50 हजार रुपये उधार भी ले रखे है। वह भी देने से उसने मना कर दिया।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।