Nature Walk Path-Way: यूपी में यमुना नदी के किनारे बनने जा रहा है नया मार्ग, इन 2 शहरों को किया जाएगा कनेक्ट
मथुरा-वृंदावन में यमुना किनारे 17 किमी लंबा नेचर वॉक पाथ-वे बनेगा जिस पर 50 करोड़ रुपये खर्च होंगे। ब्रज तीर्थ विकास प्राधिकरण और वन विभाग मिलकर इसे बनाएंगे जिससे ईको-पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। पाथ-वे पर पौधे लगाए जाएंगे सुरक्षा के लिए जाली लगेगी और रोशनी के साथ शौचालयों की व्यवस्था भी होगी। यह परियोजना मथुरा-वृंदावन के विकास के लिए चल रही 195 परियोजनाओं का हिस्सा है।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। मथुरा के वृंदावन से गोकुल तक यमुना नदी के किनारे 17 किलोमीटर लंबे नेचर वाक पाथ-वे का निर्माण किया जाएगा। मथुरा विजन-2030 के तहत दो मीटर चौड़े इस पाथ-वे के निर्माण पर 50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसका निर्माण ब्रज तीर्थ विकास प्राधिकरण व वन एवं वन्य जीव विभाग के सहयोग से किया जाएगा। इसके निर्माण के बाद मथुरा-वृंदावन क्षेत्र में ईको-पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
मुख्य मंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीते दिनों ब्रज तीर्थ विकास प्राधिकरण के अधिकारियों से पाथ वे निर्माण की तैयारियों की जानकारी ली है। अधिकारियों ने बताया कि इस नेचर पाथ वे पर वन विभाग वृंदावन से गोकुल के बीच प्राकृतिक सौंदर्य को और निखारेगा।
पाथ-वे के दोनों ओर देशज प्रजाति के पौधे लगाए जाएगें, जिससे पर्यावरण को हरा-भरा बनाने के साथ-साथ जैव-विविधता को भी बढ़ावा मिलेगा। पाथ वे के दोनों तरफ पर्यटकों की सुरक्षा के लिए जाली लगाई जाएंगी। साथ ही लाइट्स और शौचालयों की व्यवस्था की जाएगी।
भगवान श्रीकृष्ण की जन्म और लीलास्थली के रूप में विश्व प्रसिद्ध मथुरा-वृंदावन परिक्षेत्र के विकास के लिए लगभग 30,080 करोड़ रुपये की लागत से 195 परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। इसमें से 2,300 करोड़ रुपये की लागत वाली 23 परियोजनाओं को स्वीकृति मिल चुकी है।
इन्हीं परियोजनाओं के अंतर्गत वृंदावन-गोकुल नेचर वाक पाथ-वे का निर्माण किया जा रहा है। यह मार्ग मथुरा,वृंदावन आने वाले तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को प्राकृतिक सौंदर्य के बीच पैदल यात्रा का अवसर प्रदान करेगा।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।