मोबाइल फोन पर गेम खेलते समय आई मौत, फ्री फायर खेलने का आदी था किशोर
एक किशोर की मोबाइल फोन पर गेम खेलते समय दुखद मौत हो गई। वह फ्री फायर गेम का आदी था। इस घटना ने गेमिंग की लत के खतरों को उजागर किया है। किशोर घंटों तक गेम खेलता था, जिससे उसके स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ा। परिवार में मातम छाया हुआ है। इस घटना के बाद गेमिंग की लत के प्रति जागरूकता बढ़ाने की जरूरत है।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। इंदिरा नगर के शिवाजी पुरम में मोबाइल पर फ्री फायर गेम खेल रहा 13 वर्षीय किशोर अचेत हो गया। जानकारी होने पर परिवारजन उसे लेकर लोहिया अस्पताल पहुंचे जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। परिवार ने भी कोई आरोप नहीं लगाए हैं।
सीतापुर के नीमसार स्थित ठाकुरनगर निवासी 13 वर्षीय विवेक शिवाजी पुरम में मां और तीन बहनों के साथ रहता था। बहन अंजू ने बताया कि विवेक फ्री फायर गेम का आदी था। दिन में कई घंटे गेम खेलता था। इस दौरान कुछ पूछने या कोई काम कहने पर बिगड़ जाता था।
कई बार गेम खेलते-खेलते वह सो जाता था। बुधवार की शाम लगभग चार बजे वह गेम खेल रहा था। इस बीच बेड पर लेट गया। काफी देर तक नहीं उठा तो परिवार ने उसे जगाने का प्रयास किया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। उसे अचेत देख आनन-फानन में परिवारजन उसे लेकर लोहिया अस्पताल पहुंचे जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
इंदिरानगर इंस्पेक्टर सुनील तिवारी के मुताबिक मौत के कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सके हैं। परिवार ने भी कोई आरोप नहीं लगाए हैं। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
लोहिया संस्थान के प्रवक्ता प्रोफेसर भुवन चंद्र तिवारी ने बताया कि बच्चे को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया। टीम ने जांच की लेकिन संस्थान में पहुंचने से पहले ही बच्चे की मौत हो चुकी थी। मौत के कारणों को लेकर कुछ भी स्पष्ट नहीं है।
आज होगा पोस्टमार्टम
किशोर के शव को फिलहाल लोहिया अस्पताल के शव गृह में रखवाया गया है। गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस अपने स्तर से परिवारजन से पूछताछ कर जानकारी जुटा रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।