UP: मत्स्य पालन की नई तकनीक सीखेंगे पालक, विभागीय योजनाओं का भी किया जाएगा व्यापक प्रचार-प्रसार
उत्तर प्रदेश में मछली उत्पादन बढ़ाने के लिए मछली पालकों को प्रशिक्षित किया जाएगा। मत्स्य विकास मंत्री संजय कुमार निषाद ने प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। पालकों को नई तकनीकों की जानकारी दी जाएगी और किसान क्रेडिट कार्ड से जोड़ा जाएगा। मछुआ दुर्घटना बीमा योजना का प्रचार किया जाएगा और प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना को समय पर पूरा किया जाएगा।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश में मत्स्य उत्पादन बढ़ाने के लिए अब मत्स्य पालकों को प्रशिक्षित किया जाएगा। मत्स्य विकास मंत्री संजय कुमार निषाद ने मत्स्य पालकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। मंत्री ने कहा कि पालकों को मत्स्य पालन की नवीन तकनीकों की जानकारी दी जाए जिससे वह बेहतर तरीके से पालन कर सकें और उत्पादन अधिक हो सके।
मंगलवार विधान भवन स्थित अपने कार्यालय में आयोजित बैठक में उन्होंने कहा कि मत्स्य पालकों को किसान क्रेडिट कार्ड से आच्छादित करने पर विशेष ध्यान दिया जाए। मछुआ दुर्घटना बीमा योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और अधिक से अधिक मत्स्य पालकों-मछुआरों को इससे लाभांवित कराया जाए।
प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना में चयनित परियोजनाएं समय से पूरी कराएं। राज्य सेक्टर की योजनाओं के बजट के सापेक्ष जल्द लाभार्थी चयन पूरा कर धनराशि का व्यय सुनिश्चित किया जाए। अनुपयुक्त जल क्षेत्र जैसे वेटलैंड, खारा पानी के अलावा जलक्षेत्र, जलाशय व नदियों को मत्स्य विकास कार्यक्रम से आच्छादित करने व कल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता दी जाए। बैठक में प्रमुख सचिव मत्स्य विकास मुकेश मेश्राम, महानिदेशक मत्स्य धनलक्ष्मी के., निदेशक एनएस रहमानी, उप निदेशक पुनीत कुमार व एजाज अहमद आदि उपस्थित रहे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।