यूपी पॉलिटेक्निक एग्जाम का रिजल्ट जारी: 93.42 प्रतिशत विद्यार्थी पास, आशुतोष प्रजापति बने टॉपर
प्राविधिक शिक्षा परिषद ने मई-जून 2026 की सम सेमेस्टर परीक्षाओं का परिणाम घोषित कर दिया है, जिसमें अंतिम सेमेस्टर डिप्लोमा इंजीनियरिंग में 93.42% छात्र ...और पढ़ें

पॉलिटेक्निक परीक्षा का रिजल्ट जारी
HighLights
मई-जून 2026 सम सेमेस्टर परीक्षाओं का परिणाम घोषित।
डिप्लोमा इंजीनियरिंग में 93.42% छात्र हुए सफल।
आशुतोष प्रजापति और दिव्यांशी शुक्ला ने किया टॉप।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्राविधिक शिक्षा परिषद ने मई-जून 2026 में आयोजित सम सेमेस्टर, वार्षिक और विशेष बैक पेपर परीक्षाओं का परिणाम समय पर घोषित कर दिया है। अंतिम सेमेस्टर डिप्लोमा इंजीनियरिंग में 93.42 प्रतिशत छात्र सफल रहे। इंजीनियरिंग और फार्मेसी दोनों की टॉप-10 सूची में 8-8 स्थान छात्राओं ने हासिल किए।
परिषद की परीक्षा में कुल 2,68,686 छात्र पंजीकृत थे। इनमें सेमेस्टर प्रणाली के 1,24,671, वार्षिक प्रणाली के 1,27,304 और विशेष बैक पेपर के 7,784 परीक्षार्थी शामिल थे। 157 राजकीय और अनुदानित पॉलिटेक्निक संस्थानों में उत्तर पुस्तिकाओं का डिजिटल मूल्यांकन कराया गया।
परिषद के अध्यक्ष एवं प्रमुख सचिव प्राविधिक शिक्षा डॉ. एमके शन्मुगा सुंदरम ने बताया कि अंतिम सेमेस्टर डिप्लोमा इंजीनियरिंग का उत्तीर्ण प्रतिशत 93.42 और फार्मेसी का 62.69 प्रतिशत रहा। इंजीनियरिंग वर्ग में महामाया पॉलिटेक्निक ऑफ आईटी, महाराजगंज के आशुतोष प्रजापति ने 86.18 प्रतिशत अंक के साथ प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया।
राजकीय महिला पॉलिटेक्निक, वाराणसी की पूजा सिंह 85.62 प्रतिशत के साथ दूसरे और राजकीय महिला पॉलिटेक्निक, अमेठी की अनुष्का सिंह 85.38 प्रतिशत अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
फार्मेसी में रामेश्वरम फार्मेसी कॉलेज, सीतापुर की दिव्यांशी शुक्ला ने 84.35 प्रतिशत अंक के साथ पहला, टीआरसी महाविद्यालय, बाराबंकी की जूली देवी ने 82.87 प्रतिशत के साथ दूसरा और राजकीय पॉलिटेक्निक, जौनपुर के अभिषेक यादव ने 82.61 प्रतिशत अंक के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।
खबरें और भी
पहली बार राजकीय पॉलिटेक्निक, जौनपुर और प्रयागराज ने फार्मेसी की टॉप-10 सूची में जगह बनाई। नकल और नियमों के उल्लंघन के मामलों में 194 छात्रों का परिणाम रोक दिया गया, जबकि उत्तर पुस्तिकाओं पर मोबाइल नंबर लिखने वाले 896 छात्रों को संबंधित विषय में शून्य अंक दिए गए।