Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    UP Weather Today: उत्तर-पूर्वी हवा से अगले 48 घंटों में 2-3° सेल्सियस गिर सकता न्यूनतम तापमान, IMD ने जारी किया अलर्ट

    Updated: Sat, 25 Oct 2025 08:20 AM (IST)

    उत्तर प्रदेश में बंगाल की खाड़ी से आ रही हवाओं के कारण उमस बढ़ गई थी, लेकिन अब हवा का रुख बदलने से तापमान में गिरावट शुरू हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की कमी आ सकती है। चक्रवाती तूफान के कारण 29-30 अक्टूबर को प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना है।

    Hero Image

    28 तक मौसम शुष्क, फिर आ सकते बादल, हो सकती बूंदाबांदी

    जागरण संवाददाता, वाराणसी/लखनऊ। इन दिनों सतह पर बंगाल की खाड़ी की ओर से आ रही पुरवाई और आसमान साफ होने के नाते प्रखर धूप की युति ने वातावरण में उमस बढ़ा दिया है। अब हवा का रुख उत्तर-पूर्वी हो गया है। शुक्रवार से न्यूनतम तापमान में गिरावट आरंभ हो गई है। संभावना है कि अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में 2-3° सेल्सियस की कमी आ सकती है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के लखनऊ स्थित आंचलिक कार्यालय के अनुसार वर्तमान में प्रदेश में कोई सक्रिय मौसम तंत्र नहीं होने के कारण 28 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में वातावरण सामान्यतः शुष्क बने रहने की संभावना है। दक्षिणी-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में बना निम्नदाब क्षेत्र पश्चिम-उत्तर पश्चिमी दिशा में आगे बढ़ते हुए प्रबल होकर 27 अक्टूबर की सुबह तक दक्षिण-पश्चिम एवं संलग्न पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी पर चक्रवाती तूफान में बदल सकता है।

    यह आंशिक रूप से प्रदेश को प्रभावित कर सकता है। इसके चलते तीन दिनों बाद फिर से प्रदेश में बादलों की आवाजाही शुरू हो सकती है और अधिकतम तापमान में गिरावट आ सकती है। यदि चक्रवाती तूफान की प्रबलता बनी रही तो यह 29-30 अक्टूबर को प्रदेश के दक्षिणी-पूर्वी भाग में कहीं-कहीं छिटपुट वर्षा की स्थितियां बना सकता है।

    हालांकि, आंचलिक कार्यालय के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डा. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मौसम तंत्र के पूर्ण विकसित होने और समयावधि नजदीक आने पर ही स्थितियां और स्पष्ट होंगी। बीएचयू के मौसम विज्ञानी प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने भी बताया कि अभी चक्रवाती तूफान के इस क्षेत्र में प्रभाव के विषय में कुछ कहना जल्दबाजी होगी। यह दो-तीन दिन बाद थोड़ा और निकट आए तभी कुछ कहा जा सकता है।

    आगरा का मौसम

    आगरा शहर में मौसम में शुक्रवार को बदलाव देखने को मिला। अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट आई। मौसम विभाग ने शनिवार से तापमान में और गिरावट आने का पूर्वानुमान जताया है। अगले 48 घंंटों में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है।

    मौसम विज्ञानी मो. दानिश ने बताया कि उत्तरी-पूर्वी हवाओं के चलते न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आगामी दिनों में देखने को मिलेगी।

    कानपुर में शनिवार को हल्के बादल छाए रहेंगे लेकिन बारिश की संभावना नहीं है। वहीं बरेली में शनिवार सुबह-शाम कोहरा या धुंध छाए रहने की संभावना है। 

    गोरखपुर का मौसम 

    गोरखपुर में शनिवार की सुबह हल्की धुंध रहेगी, दिन में मौसम साफ रहेगा। देवरिया और बस्ती में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है।

    मेरठ में मौसम विभाग के अनुसार हल्के बादलों के बीच धूप भी खिलेगी। रात में ठंड का एहसास होगा।