Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    लखनऊ से सहारनपुर के लिए सही समय पर रवाना हुई वंदे भारत, हफ्ते के 6 दिन चलेगी; इतना है किराया

    Updated: Tue, 09 Dec 2025 08:02 PM (IST)

    लखनऊ से सहारनपुर के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस नियमित रूप से शुरू हो गई है। गोमतीनगर से 221 यात्रियों को लेकर यह ट्रेन रवाना हुई। इस ट्रेन में यात्रियों ...और पढ़ें

    Hero Image

    जागरण संवाददाता, लखनऊ। पिछले एक महीने के इंतजार के बाद आखिरकार लखनऊ से सहारनपुर के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस नियमित रूप से दौड़ पड़ी। मंगलवार को 221 यात्रियों के साथ गोमतीनगर से वंदे भारत एक्सप्रेस सहारनपुर के लिए रवाना हुई।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इस ट्रेन में आनलाइन टिकट बुक करते समय यात्रियों को अनिवार्य रूप से कैटरिंग का विकल्प चुनना होगा। खानपान नहीं के विकल्प की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी। वहीं, सहारनपुर से लखनऊ वापसी के लिए एसी चेयरकार का किराया 70 और एक्जक्यूटिव क्लास का किराया 65 रुपये अधिक होगा।

    लखनऊ जंक्शन-सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस का उद्ाटन आठ नवंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से किया था। तब रेलवे ने जो नोटिफिकेशन जारी किया था, उसके तहत वंदे भारत एक्सप्रेस को सुबह पांच बजे लखनऊ से छूटकर दोपहर 12:45 बजे सहारनपुर पहुंचना था।

    वापसी में वंदे भारत एक्सप्रेस को सहारनपुर से दोपहर तीन बजे चलकर रात 11 बजे लखनऊ जंक्शन आना था। इस टाइम टेबल को बदलने के लिए सहारनपुर के विधायकों ने रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र भेजा था। इस कारण रेलवे बोर्ड ने नियमित संचालन पर रोक लगा दी थी।

    अब बोर्ड ने इस ट्रेन का समय और स्टेशन दोनों बदल दिया है। अब सुबह पांच बजे लखनऊ की जगह 26503 वंदे भारत एक्सप्रेस सोमवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन सहारनपुर से सुबह 5:05 बजे चलकर रुड़की से 5:40 बजे, नजीबाबाद से 6:25 बजे, मुरादाबाद से आठ बजे, बरेली से 9:40 बजे, शाहजहांपुर से 11:07 बजे, सीतापुर से दोपहर 12:36 बजे , डालीगंज से 1:34 बजे छूटकर लखनऊ जंक्शन के स्थान पर गोमतीनगर दोपहर 2:05 बजे पहुंचेगी।

    सहारनपुर से गोमतीनगर का एसी चेयरकार का किराया 1530 और एक्जक्यूटिव क्लास का किराया 2750 रुपये होगा। इसी तरह 26504 वंदे भारत एक्सप्रेस सोमवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन गोमतीनगर से दोपहर 3:10 वंदे भारत एक्सप्रेस छूटेगी।

    यह ट्रेन डालीगंज से 3:28 बजे, सीतापुर से शाम 4:33 बजे, शाहजहांपुर से 6:08 बजे, बरेली से 7:05 बजे, मुरादाबाद से रात 8:35 बजे, नजीबाबाद से 9:54 बजे, रुड़की से 10:42 बजे होकर सहारनपुर रात 11:50 बजे पहुंचेगी।

    इतना होगा किराया (गोमतीनगर से)

    स्टेशन एसी चेयरकार एक्जक्यूटिव क्लास
    सीतापुर 495 930
    शाहजहांपुर 645 1235
    बरेली 770 1480
    मुरादाबाद 1135 2025
    नजीबाबाद 1290 2335
    रुड़की 1420 2605
    सहारनपुर 1460 2685

    स्टेशन और समय बदला तो घटी मांग

    वंदे भारत एक्सप्रेस का लखनऊ से सुबह की जगह दोपहर में चलाने के कारण सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस को लेकर अभी यात्रियों में उत्साह नहीं दिख रहा है। लखनऊ से सहारनपुर जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस की चेयरकार और एक्जक्यूटिव श्रेणी में 60 से 70 प्रतिशत सीटें खाली है।

    वहीं, अब आनलाइन टिकट बनाते समय यात्रियों को अनिवार्य रूप से खानपान सुविधा के लिए भी भुगतान करना पड़ेगा। लखनऊ जंक्शन की जगह गोमतीनगर स्टेशन पहुंचने में एक बड़ी दिक्कत इसका किसी भी सार्वजनिक यातायात व्यवस्था से सीधे न जुड़ना है। गोमतीनगर स्टेशन जाने के लिए यात्रियों को आटो और कैब बुक कराना होगा।

    इन तिथियों पर खाली पड़ी हैं इतनी सीटें

    तिथि एसी चेयरकार एक्जक्यूटिव क्लास
    10 दिसंबर 326 30
    11 दिसंबर 367 28
    12 दिसंबर 376 22
    13 दिसंबर 382 33
    14 दिसंबर 371 32
    16 दिसंबर 388 31