नेपाल सीमा की निगरानी के लिए 24 घंटे मजिस्ट्रेट तैनात, डीएम ने लगाई ड्यूटी
महराजगंज प्रशासन ने नेपाल में उत्पन्न स्थितियों को देखते हुए सीमा सुरक्षा कड़ी कर दी है। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के निर्देशानुसार अपर जिला मजिस्ट्रेट डा. प्रशांत कुमार ने सोनौली ठूठीबारी और झुलनीपुर सीमा पर 24 घंटे मजिस्ट्रेट्स की तैनाती का आदेश जारी किया है। उप जिलाधिकारी नौतनवा व निचलौल को सीमा पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

जागरण संवाददाता, महराजगंज। नेपाल राष्ट्र में उत्पन्न परिस्थितियों को देखते हुए महराजगंज प्रशासन ने सीमा सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर कदम उठाया है। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के निर्देश पर अपर जिला मजिस्ट्रेट डा. प्रशांत कुमार ने आदेश जारी कर सोनौली, ठूठीबारी और झुलनीपुर सीमा पर 24 घंटे मजिस्ट्रेट्स की तैनाती की है।
आदेश के अनुसार सोनौली सीमा पर सुबह आठ से शाम चार बजे तक डिप्टी कलेक्टर नन्द प्रकाश मौर्य, शाम चार से रात 12 बजे तक खंड विकास अधिकारी नौतनवा अमित मिश्र तथा रात 12 से सुबह आठ बजे तक तहसीलदार नौतनवा कर्ण सिंह की ड्यूटी लगाई गई है।
ठूठीबारी सीमा पर सुबह आठ से शाम चार बजे तक डिप्टी कलेक्टर प्रेम शंकर पांडेय, शाम चार से रात 12 बजे तक खंड विकास अधिकारी निचलौल शमा सिंह और रात 12 से सुबह आठ बजे तक नायब तहसीलदार निचलौल पियूष जायसवाल तैनात रहेंगे।
ठूठीबारी बार्डर पर एसएसबी जवानों के साथ तैनात पुलिस फोर्स। जागरण
झुलनीपुर सीमा क्षेत्र में सुबह आठ से शाम चार बजे तक तहसीलदार निचलौल अमित कुमार सिंह, शाम चार से रात 12 बजे तक खंड विकास अधिकारी सिसवा अर्जुन चौधरी और रात 12 से सुबह आठ बजे तक चकबन्दी अधिकारी नौतनवा प्रथम राजेश कुमार की ड्यूटी लगाई गई है।
आदेश में उप जिलाधिकारी नौतनवा व निचलौल को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं, कि वे तैनात मजिस्ट्रेट्स से समन्वय स्थापित करते हुए सीमा पर कानून व्यवस्था बनाए रखें। साथ ही पुलिस अधीक्षक महराजगंज को निर्देशित किया गया है कि मजिस्ट्रेट्स के साथ राजपत्रित/अराजपत्रित पुलिस अधिकारियों की तैनाती करें और पर्याप्त पुलिस बल मुहैया कराएं।
यह भी पढ़ें- Nepal Protest: नेपाल में 5000 भारतीय पर्यटक फंसे, 1 हजार को निकाला गया; सरकार रेस्क्यू में जुटी
अपर जिलाधिकारी डा. प्रशांत कुमार शर्मा ने बताया कि नेपाल की स्थिति को देखते हुए महराजगंज जिले की सीमा सुरक्षा और 24 घंटे मजिस्ट्रेट्स की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी अपात स्थिति का सामना किया जा सके।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।