बकरी चराने गई सात वर्षीय बालिका से दुष्कर्म, एक आरोपित गिरफ्तार, दूसरा फरार
पनियरा थाना क्षेत्र में एक सात वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई है। बालिका अपनी बड़ी बहन के साथ बकरी चराने गई थी, तभी दो युवकों ने उसे पकड़कर दुष्कर्म किया। पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है। पीड़िता को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

संवाद सूत्र, पनियरा। घर से बकरी चराने गांव में खेतों की तरफ गई सात वर्षीय बालिका से दुष्कर्म का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। घटना बुधवार की देर सायं पनियरा थाना क्षेत्र के एक गांव के बाहर स्थित श्मशान घाट के पास बने पुल के पास की बताई जा रही है। इस प्रकरण में पुलिस ने गुरुवार को एक नामजद समेत दो आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर एक को गिरफ्तार कर लिया। वहीं दूसरे सहयोगी की खोजबीन की जा रही है।
स्वजन के अनुसार बालिका अपनी बड़ी बहन के साथ बकरी चराने गई थी। इस बीच बड़ी बहन, बालिका को बकरी के साथ छोड़कर जलौनी बीनने थोड़ी दूरी पर चली गई। इसी दौरान मौके का फायदा उठाकर बाइक से आए दो युवकों में से एक युवक बालिका को पकड़कर झाड़ियों की ओर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया, जबकि दूसरा युवक बाइक पर ही बैठा रहा।
बालिका के अचानक चिल्लाने पर उसकी बड़ी बहन दौड़कर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों आरोपित वहां से भाग चुके थे। बालिका घर पहुंची और उसने पूरी घटना अपने स्वजन को बताई। इसके बाद स्वजन उसे लेकर तुरंत थाने पहुंचे। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई और जांच शुरू की। पीड़िता की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल महराजगंज में भर्ती कराया गया, जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कालेज गोरखपुर रेफर कर दिया है।
पीड़िता ने एक आरोपित को पहचान लिया है, जबकि दूसरा युवक अज्ञात है। घटना की जानकारी इलाके में फैलते ही लोगों में आक्रोश बढ़ गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ सदर जयप्रकाश तिवारी ने थाने पर पहुंचकर अधिकारियों से विस्तृत पूछताछ की।
पनियरा थानाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि मामले में एक नामजद आरोपित रामसजन एवं एक अज्ञात युवक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने रामसजन को गिरफ्तार भी कर लिया है, जबकि फरार युवक की तलाश तेज कर दी गई है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।