महाराजगंज में संदिग्ध परिस्थिति में नदी किनारे लटका मिला युवक का शव, पुणे में करता था पेंटिंग का काम
ग्राम पंचायत टेढ़ी में रोहिन नदी के किनारे प्रदीप नामक युवक का शव पेड़ से लटका मिला। वह पुणे में मजदूरी करता था और दिवाली पर घर आया था। परिजनों के अनुसार, उसे रात में फोन आया था जिसके बाद वह घर से निकला और वापस नहीं लौटा। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। घटना से गांव में सनसनी फैल गई है।

घटना स्थल का निरीक्षण करते सीओ अनिरुद्ध कुमार व थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज राय।
संवाद सूत्र, लक्ष्मीपुर। ग्राम पंचायत टेढ़ी में रोहिन नदी के किनारे शुक्रवार की सुबह गांव निवासी प्रदीप का शव फंदे के सहारे पेड़ से लटका मिला। घर से 500 मीटर दूरी पर शव मिलने की सूचना से गांव में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुरंदरपुर पुलिस मामले की जांच में जुटी है। फाेरेंसिक टीम ने भी घटना स्थल की जांच-पड़ताल कर साक्ष्य जुटाए।
टेढ़ी निवासी प्रदीप पुणे में दिहाड़ी मजदूरी करता था। दीपावली के अवसर पर करीब 10 दिन पहले वह गांव वापस लौटा था। पिता पलटन ने बताया कि गुरुवार की रात नौ बजे मोबाइल पर फोन आने के बाद प्रदीप घर से निकला था। इसके बाद जब देर होने लगा और घर नहीं लौटा तो उसके मोबाइल पर रात में ही फोन किया गया, लेकिन मोबाइल बंद था। जिससे उससे संपर्क नहीं हो सका। सोचा कि कहीं गया होगा और रात-बिरात आ जाएगा।
सुबह ग्रामीणों से सूचना मिली कि रोहिन नदी के किनारे प्रदीप का शव लटका है। वह अविवाहित था। मौके पर पहुंचा और देखा तो विश्वास ही नहीं हो रहा था, क्योंकि उसका किसी से विवाद नहीं था। छठ के बाद वह पुन: पुणे काम पर जाने वाला था। न जाने किस कारण से ऐसी घटना हुई। कुछ कहा नहीं जा सकता। घटना से मृतक के बड़े भाई प्रमोद, मां तिरासी और भाभी का रो-रोकर बुरा हाल है।
क्षेत्राधिकारी अनिरुद्ध कुमार और प्रभारी निरीक्षक पुरंदरपुर मनोज राय ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और स्वजनों से पूछताछ कर आवश्यक जानकारी एकत्रित की। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु का कारण स्पष्ट हो सकेगा।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।