Mainpuri News: 25 मिनट तक नवीगंज टोल प्लाजा किया फ्री... भाकियू (टिकैत) पदाधिकारी और टोल कर्मियों में मारपीट
मैनपुरी में भारतीय किसान यूनियन टिकैत के पदाधिकारी और टोल कर्मियों के बीच नवीगंज टोल प्लाजा पर टैक्स को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट तक हो गई। सूचना मिलने पर भाकियू के जिलाध्यक्ष कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे और 25 मिनट तक टोल फ्री करा दिया। बाद में पुलिस के हस्तक्षेप से दोनों पक्षों में समझौता हुआ और मामला शांत हुआ।

जागरण संवाददाता, मैनपुरी। आगरा-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित नवीगंज टोल पर बुधवार की सुबह भारतीय किसान यूनियन टिकैत के पदाधिकारी का टोल कर्मियों से विवाद हो गया। दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। जानकारी मिलने पर मैनपुरी जिलाध्यक्ष अपने कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंच गए और यहां हंगामा-प्रदर्शन करते हुए करीब 25 मिनट तक टोल फ्री कर दिया। इसके बाद पुलिस के समक्ष दोनों पक्षों में समझाैता हो गया।
बागपत से कानपुर जा रहे थे भाकियू टिकैत के पदाधिकारी
भाकियू टिकैत के पदाधिकारी बागपत निवासी राहुल कुमार अपने साथियों के साथ किसी कार्य से बुधवार की सुबह कानपुर जा रहे थे। सुबह करीब पांच बजे नवीगंज टोल पर टैक्स देने को लेकर टोल कर्मियों से उनका विवाद हो गया।
टोल कर्मियों का आरोप है कि इसी दौरान राहुल कुमार ने बूम तोड़ दिया। इस पर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। इसकी जानकारी होने पर जिलाध्यक्ष मैनपुरी मुकेश प्रताप यादव अपने कार्यकर्ताओं के साथ नवीगंज टोल पर पहुंच गए। यहां उन्होंने प्रदर्शन करते हुए टोल को फ्री करा दिया।
मैनपुरी जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचकर किया हंगामा, समझौता
इस पर टोल प्रबंधक विजय सिंह ने भाकियू पदाधिकारियों से बात कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। हंगामे की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। दोनों पक्षों में वार्ता के बाद मामले में समझौता हो गया। इसके बाद टोल को संचालित करा दिया गया। इस बीच करीब 25 मिनट तक टोल फ्री रहा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।