सड़क पार कर रहे तेंदुआ की हादसे में मौत, वन विभाग ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
मैनपुरी के बेवर में राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक अज्ञात वाहन की टक्कर से तेंदुए की मौत हो गई। घटना नवीगंज चौकी क्षेत्र में हुई। वन विभाग ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। आशंका है कि तेंदुआ कन्नौज क्षेत्र से आया था। पुलिस अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर रही है।

जागरण संवाददाता, मैनपुरी। बेवर क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर शुक्रवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से संरक्षित प्रजाति के तेंदुआ की मृत्यु हो गई। स्थानीय पुलिस के साथ वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भोगांव पशु अस्पताल भिजवाया है।
बेवर थाना की नवीगंज चौकी क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर रात लगभग 9:30 बजे अज्ञात वाहन की टक्कर से संरक्षित प्रजाति के तेंदुआ की मुत्यु हो गई। तेंदुआ का शव पड़ा देख वहां आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई।
वन क्षेत्राधिकारी विपिन मिश्रा, बेवर इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह के साथ मौके पर पहुंचे। वन विभाग की टीम ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भोगांव पशु चिकित्सालय भिजवाया है।
शनिवार को राजपत्रित अधिकारियों की उपस्थिति में तेंदुआ का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। वन क्षेत्राधिकारी विपिन मिश्रा ने बताया कि तेंदुआ कन्नौज क्षेत्र में संभवतः गंगा की कटरी से आने की संभावना है। मामले में अज्ञात वाहन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।