Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Dog Attack: मैनपुरी में पिटबुल ने 6 साल के मासूम पर किया हमला, हालत गंभीर; मालिक पर मुकदमा दर्ज

    Updated: Sat, 23 Aug 2025 10:23 PM (IST)

    मैनपुरी में एक पिटबुल कुत्ते ने 6 वर्षीय बच्चे पर हमला कर दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बच्चे के पिता की शिकायत पर कुत्ते के मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि कुत्ते के मालिक ने उन्हें धमकाया भी। यह भी पता चला है कि कुत्ते को बिना अनुमति के पाला गया था।

    Hero Image
    मैनपुरी में पिटबुल ने 6 साल के मासूम पर किया हमला।

    जागरण संवाददाता, मैनपुरी। खूंखार प्रजाति के पिटबुल डाग ने पड़ोसी बच्चे पर हमला बोल दिया। लहूलुहान हालत में बच्चे को लेकर पिता ने जब शिकायत की तो पड़ोसी ने धमकाया। इसके बाद कुत्ते के मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। मुकदमे की जानकारी होते ही कुत्ते को गायब कर दिया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मार्च, 2024 में सरकार ने खूंखार प्रजाति के कुत्तों के पालने पर रोक लगाई थी, जिनमें पिटबुल प्रजाति भी शामिल है। बताया गया है पड़ोसी चार माह पहले कुत्ते को लाया था। प्रथमेश कुमार के पड़ोसी सौरभ दुबे के घर में पिटबुल प्रजाति का कुत्ता पला हुआ है।

    शुक्रवार शाम छह बजे प्रथमेश का छह वर्षीय पुत्र प्रखर अपनी नौ वर्षीय बहन काव्या के साथ ट्यूशन पढ़कर लौट रहा था। घर के पास सौरभ के कुत्ते ने प्रखर पर हमला बोल दिया। काव्या के शोर मचाने पर आए मुहल्ले के लोगों ने किसी तरह उसे बचाया। प्रखर के शरीर पर 11 दांत लगने के कारण घायल हो गया, जिसके बाद उसे सीएचसी ले जाया गया।

    देर शाम प्रखर के पिता सौरभ के घर शिकायत करने पहुंचे। आरोप है कि सौरभ ने उनके साथ गाली गलौज कर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उन्होंने थाने में मुकदमा दर्ज कराया। प्रथमेश का कहना है कि सौरभ के इस पालतू कुत्ते ने तीन महीने पहले भी प्रखर को काटकर घायल कर दिया था।

    इस संबंध में सौरभ दुबे की पत्नी शोभा देवी से जानकारी की गई तो उन्होंने बताया कि चार महीने पहले ही उनके पति अपने दोस्त के यहां से कुत्ते को लाए थे। शनिवार को उसे वहीं भेज दिया गया है। इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह ने बताया कि दर्ज प्राथमिकी के आधार पर जांच की जा रही है।

    बेबर नगर पंचायत के ईओ बुद्धिप्रकाश ने बताया कि प्रतिबंधित पिटबुल प्रजाति का कुत्ता पाले जाने के संबंध में नगर पंचायत से कोई अनुमति नहीं ली गई थी। मामले की जानकारी मिली है। कुत्ता स्वामी को नोटिस दिया जा रहा है। जवाब न देने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।