Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मायके जाने की जिद पर पति से झगड़े के बाद गर्भवती ने फंदा लगाकर दी जान

    Updated: Wed, 29 Oct 2025 07:11 PM (IST)

    मथुरा के नसीटी गांव में मायके जाने की जिद पर एक गर्भवती महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। महिला का पति सड़क हादसे में घायल है और महिला के पिता भी अस्पताल में भर्ती हैं। इसी बात को लेकर दंपत्ति में विवाद हुआ था, जिसके बाद महिला ने यह खौफनाक कदम उठाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

    Hero Image

    संसू, मांट (मथुरा)। गांव नसीटी में मायके जाने की जिद पर नौ माह की गर्भवती का पति से झगड़ा हो गया। इससे नाराज होकर मंगलवार देर रात महिला ने फंदा लगाकर जान दे दी। बुधवार सुबह पति ने आवाज दी, लेकिन कोई हलचल नहीं हुई। पति ने दरवाजा तोड़ा को पत्नी को फंदे पर लटका देखा। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर जांच शुरू कर दी है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मांट थाना क्षेत्र के गांव नसीटी के रहने वाले उमेश नोएडा में एक होटल में काम करते हैं। दो वर्ष पूर्व उनकी शादी सादाबाद के गांव बिथैरा निवासी प्रिया के साथ हुई थी। प्रिया नौ माह की गर्भवती थीं। दो नवंबर को उनका प्रसव होना था। करीब 15 दिन पूर्व नोएडा में सड़क हादसे में पति उमेश गंभीर घायल हो गए। उनके सिर पर 36 टांके लगे हैं।

    तीन दिन पूर्व प्रिया के पिता मेघश्याम उमेश को देखने के लिए गांव नसीटी आए थे। यहां लौटते समय वह भी सड़क हादसे में घायल हो गए। वह आगरा में एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं। पिता को देखने के लिए प्रिया ने उमेश से जिद कर दी। इसको लेकर दोनों के बीच मंगलवार शाम को विवाद हो गया।

    पति का कहना था कि उनके सिर पर चोट है। अभी वह जाने में असमर्थ है। उन्होंने दो से तीन दिन बाद जाने की कह दी। इससे नाराज होकर प्रिया ऊपर बने कमरे में चली गईं। वहीं उमेश नीचे बने कमरे में सो गए। देर रात प्रिया ने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बुधवार सुबह वह कमरे से उतरकर नहीं आईं तो पति उमेश ने ऊपर जाकर देखा। कमरे की अंदर से कुंदी बंद थी।

    काफी आवाज लगाई, लेकिन हलचल नहीं हुई। उन्हें शक हुआ और उन्होंने अपने स्वजन को आवाज लगाई। सभी लोग ऊपर आ गए और दरवाजे को तोड़ा गया। अंदर देखा तो प्रिया फांसी के फंदे पर लटकी हुई थीं। स्वजन ने पुलिस को सूचना दी।

    मांट थाना प्रभारी जसबीर सिंह मौके पर पहुंचे और शव को फंदे से उतारा। फोरेंसिक टीम बुलाकर साक्ष्य एकत्रित कराए और स्वजन को सूचना दी। थाना प्रभारी ने बताया कि महिला ने आत्महत्या की है। फिलहाल स्वजन की ओर से कोई प्रार्थना-पत्र नहीं दिया गया है। जांच की जा रही है।