Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Deh Vyapar: हाईवे के होटलों में देह व्यापार... ढाबों में चोर रास्ते, बेडरूम में लड़कियां!

    Updated: Mon, 03 Nov 2025 07:57 AM (IST)

    हाल ही में, हाईवे पर होटलों में देह व्यापार का खुलासा हुआ। ढाबों के अंदर बने चोर रास्तों से एक गुप्त बेडरूम तक पहुँचा जा सकता था, जहाँ लड़कियाँ मिलीं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए होटलों और ढाबों के मालिकों को गिरफ्तार किया और लड़कियों को सुरक्षित निकाला। यह मामला हाईवे पर अवैध गतिविधियों की ओर इशारा करता है।

    Hero Image

    प्रस्तुतीकरण के लिए सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।

    संवाद सूत्र, जागरण, कोसीकलां। छाता से लेकर कोसीकलां बार्डर तक हाईवे किनारे अधिकांश होटल, ढाबे व गेस्ट हाउस में बड़े पैमाने पर देह व्यापार का कारोबार चल रहा है। यहां पर दिल्ली, हरियाणा समेत अन्य जिलों से आने वाले लोगों को महिलाएं व युवतियां उपलब्ध कराकर संचालक मोटी कमाई कर रहे हैं। साथ ही मथुरा की छवि भी धूमिल कर रहे हैं। जानकारी के बाद भी पुलिस इन होटल व गेस्ट हाउस में कार्रवाई नहीं करती है। इससे देह व्यापार के कारोबार से जुड़े लोगों के हौसले बुलंद हैं।
    भगवान श्रीकृष्ण की धार्मिक नगरी में देह व्यापार का कारोबार करने से लोग बाज नहीं आ रहे हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

     

    छाता से लेकर कोसीकलां बार्डर तक जगह-जगह बने हैं अड्डे

     

    एसएसपी श्लोक कुमार के आदेश पर पुलिस ने दो महीने में शहर के कोतवाली और हाईवे थाना क्षेत्र के छह स्पा सेंटर व गेस्ट हाउस पर कार्रवाई करके तीन दर्जन से अधिक युवक और युवतियों को अनैतिक कार्य करते हुए पकड़ा है। पुलिस की इन कार्रवाई से भी देह व्यापार का कारोबार कम होने का नाम नहीं ले रहा है। छाता थाना क्षेत्र से लेकर हरियाणा सीमा से जुड़े कोसीकलां बार्डर तक हाईवे किनारे चल रहे कई होटल व गेस्ट हाउस में देह व्यापार का कारोबार तेजी से चल रहा है। पांच सौ से छह रुपये में कमरा देकर लोगों को महिलाएं व युवतियां उपलब्ध कराई जा रही है। होटल और गेस्ट हाउस में चल रहे अनैतिक कार्य की पुलिस को भी जानकारी है, लेकिन पुलिस न ही छापामार कार्रवाई करती है और न ही किसी को पकड़ती है। ऐसे में देह व्यापार से जुड़े लोगों के हौसले बुलंद हैं।

     

     

    मोटी कमाई के चक्कर में धूमिल हो रही मथुरा की छवि

     

    हाईवे किनारे छाता से लेकर कोसीकलां बार्डर तक गेस्ट हाउस और होटलों की भरमार है। यहां सैंकड़ो की संख्या में ग्राहकों का आना जाना लगा रहता है। कई होटलों में तो लोग लड़कियों को लेकर भी आते हैं। पहले पुलिस होटल, गेस्ट हाउस में ठहरने वालों की जांच के लिए रजिस्टर चेक करती थी। संदेह होने पर होटल में ठहरने वालों के कमरे खुलवाकर उनके बारे में जांच भी करती थी, लेकिन अब इस तरह की चेकिंग न होने पर होटल गेस्ट हाउस के संचालकों में पुलिस का खौफ पूरी तरह निकल गया है।

     

    ढाबों के अंदर से बने चोर रास्ते, अंदर लड़की के साथ बेडरूम

     

     

    हाईवे किनारे ढाबे के अंदर चोर रास्ते बनाए गए हैं। इनके अंदर जाने पर बेडरूम व लड़की मिलती हैं। यहां पर रेट तय किए जाते हैं। इसके बाद अनैतिक कार्य किया जाता है। पुलिस अगर सही से चेकिंग करें तो सबकुछ सामने आ जाएगा।


    जहां पर सूचना मिलती है, पुलिस टीम कार्रवाई करती है। मुखबिर तंत्र सक्रिय है। देह व्यापार का कारोबार करने वालों के खिलाफ जल्द ही अभी और कार्रवाई की जाएगी। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। -सुरेश चंद्र रावत, एसपी ग्रामीण