'...तो आज दिल्ली ब्लास्ट जैसी घटना नहीं होती', ब्रजेश पाठक में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कह दी बड़ी बात
मेरठ में भाजपा ने सरदार पटेल की जयंती पर एकता पदयात्रा निकाली। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कांग्रेस पर पटेल के सिद्धांतों की अनदेखी करने का आरोप लगाया, जिसके कारण उन्होंने कहा कि दिल्ली में आतंकी घटनाएं हुईं। उन्होंने मोदी सरकार द्वारा धारा 370 हटाने की सराहना की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने अखिलेश यादव पर नकारात्मक बातें फैलाने का आरोप लगाया और देश में एकता बनाए रखने का आह्वान किया।

जागरण संवाददाता, मेरठ। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर भाजपा द्वारा एकता पद यात्रा निकाली गई। जीआइसी मैदान में हुए समापन समारोह में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि अगर कांग्रेस ने पटेल जी के सिद्धांत पर कार्य किया होता तो आज दिल्ली में बम ब्लास्ट जैसी आतंकी घटना नहीं होती।
कांग्रेस ने देश का बंटवारा ही नहीं कराया बल्कि वह अंग्रेजों के उस षडयंत्र में भी शामिल हो गई थी जिसमें छोटी-छोटी रियासतों को भी आजादी देने पर सहमति बनने वाली थी। कांग्रेस का यह षडयंत्र सरदार पटेल ने असफल कर दिया। रियासतों से बात करके देश में मिला लिया।
उपमुख्यमंत्री ने पहले पदयात्रा का स्वागत किया फिर उसके साथ जीआइसी मैदान तक पैदल आए। यहां जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज लौहपुरुष के सिद्धांत पर चलकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश को मजबूत कर रहे हैं।
जम्मू- कश्मीर से धारा 370 खत्म कर कांग्रेस द्वारा दी गई एक देश दो विधान की व्यवस्था को हमेशा के लिए समाप्त कर दिया। इस यात्रा का शुभारंभ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने किया। यात्रा राजकीय इंटर कालेज के मैदान से प्रारंभ हुई जो सोतीगंज चौराहे से होते हुए धनेश्वर चौक, सदर बाजार, शिव चौक, आबू लेन, बेगमपुल होते हुए वापस इंटर कालेज के मैदान पहुंची।
धनेश्वर चौक पर बनाए गए मंच पर अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी नितिन तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने खिलाड़ियों को जो सम्मान दिया है, उसने युवाओं में नई ऊर्जा का संचार किया है। सदर शिव चौक पर वेद इंटरनेशनल स्कूल के प्रधानाचार्य अजीत सिंह ने उद्बोधन दिया।
व्यापारियों ने विभिन्न स्थानों पर यात्रा का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। ऊर्जा राज्यमंत्री सोमेंद्र तोमर,कैंट विधानसभा यात्रा प्रभारी पूर्व सांसद राजेंद्र अग्रवाल, यात्रा के प्रमुख आयोजक कैंट विधायक अमित अग्रवाल, महापौर हरिकांत अहलूवालिया, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी, महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी, कमलदत्त शर्मा, लोकसभा यात्रा प्रभारी जयकरण गुप्ता, कार्यक्रम संयोजक रवीश अग्रवाल, सहसंयोजक अंकित सिंघल, गौरव मलिक, दीपक शर्मा एवं मीडिया प्रभारी अमित शर्मा उपस्थित रहे।
अखिलेश सिर्फ नकारात्मक और हीनभावना वाली बातें फैलाते हैं : भूपेन्द्र
कैंट विधानसभा क्षेत्र की पदयात्रा को हरी झंडी दिखाने के बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह ने क्षेत्रीय कार्यालय पर बैठक की। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव सिर्फ नकारात्मक व हीनभावना वाली बातें फैलाते रहते हैं।
दिल्ली घटना पर कहा कि देश में षडयंत्रकारी तत्वों को चिह्नित करें औ देश तोड़ने वालों के इरादे को सभी मिलकर फेल करें। एकजुटता रहेगी तभी एकता रहेगी। उन्होंने कहा कि महापुरुषों के सम्मान का कार्य भाजपा ने आरंभ किया।
पहले की सरकारों को एक ही परिवार में महापुरुष दिखाई देते थे। बैठक में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मनोज पोसवाल, जिलाध्यक्ष शिव कुमार राणा,कमलदत्त शर्मा, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी गजेंद्र शर्मा, महेश बाली उपस्थित रहे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।