CBSE 12th Result: मेरठ की जीलू को अंग्रेजी में मिले पूरे 100 नंबर; इस सफलता के लिए ऐसे की तैयारी
मेरठ की जीलू उपाध्याय ने सीबीएसई 12वीं अंग्रेजी परीक्षा में 100 में से 100 अंक हासिल किए हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय सेल्फ-स्टडी, शिक्षकों और पर ...और पढ़ें

माता-पिता व बड़े भाई के साथ जीलू। इंसेट में अंग्रेजी शिक्षिका नीता कपूर के साथ जीलू।
HighLights
सिटी वोकेशनल पब्लिक स्कूल मेरठ कैंट की छात्रा हैं जीलू।
अंग्रेजी शिक्षिका नीता कपूर ने छात्रा मेहनत को सराहा।
जागरण संवाददाता, मेरठ। प्रतिभा, अनुशासन और निरंतर मेहनत के दम पर मेरठ की छात्रा जीलू उपाध्याय ने सीबीएसई कक्षा 12वीं परीक्षा 2026 में शत प्रतिशत अंक प्राप्त किए।
सिटी वोकेशनल पब्लिक स्कूल कैंट की छात्रा जीलू ने अंग्रेजी विषय में 100 में 100 अंक हासिल कर अपनी अलग पहचान बनाई है। जीलू के पिता नरेंद्र कुमार पूर्व सैनिक हैं। वह सेना की इंजीनियरिंग रेजिमेंट में सैपर के पद पर कार्यरत रहे हैं। उनकी माता पारुल देवी गृहिणी हैं। साधारण परिवार से आने वाली जीलू ने अपनी उपलब्धि से यह साबित कर दिया कि लगन और समर्पण से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
जीलू के विषयवार अंक
- अंग्रेजी कोर : 100/100 (थ्योरी 80, प्रैक्टिकल 20)
- इकोनोमिक्स : 95/100 (थ्योरी 75, प्रैक्टिकल 20)
- अकाउंटेंसी : 92/100 (थ्योरी 72, प्रैक्टिकल 20)
- एप्लाइड मैथेमेटिक्स : 90/100 (थ्योरी 70, प्रैक्टिकल 20)
- बिजनेस स्टडीज : 87/100 (थ्योरी 67, प्रैक्टिकल 20)
अतिरिक्त विषय:
हिंदुस्तानी म्यूजिक वोकल : 96/100 (थ्योरी 26, प्रैक्टिकल 70)
सह-शैक्षणिक विषयों में भी ए-1 ग्रेड:
वर्क एक्सपीरियंस, हेल्थ एंड फिजिकल एजुकेशन, जनरल स्टडीज।
पहले विश्वास नहीं हुआ, फिर खुशी का नहीं रहा ठिकाना
जीलू ने बताया कि जब उन्हें अंग्रेजी में पूरे 100 अंक मिलने की जानकारी मिली तो पहले उन्हें विश्वास ही नहीं हुआ। परिणाम देखने के बाद उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपनी मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग को दिया। जीलू ने बताया कि उनका पसंदीदा विषय अंग्रेजी है और उन्होंने अधिकांश तैयारी सेल्फ स्टडी के जरिए की। पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों को बार-बार हल किया, हर अध्याय को गहराई से समझा और विषय पर पूरा फोकस रखा। उनका कहना है कि सफलता का कोई शार्टकट नहीं होता, नियमित अभ्यास ही असली कुंजी है।
खबरें और भी
दिल्ली विश्वविद्यालय से बीबीए करने का सपना
जीलू ने परीक्षा परिणाम जारी होने वाले दिन ही में सीयूईटी भी दी है। उन्होंने अकाउंट्स, इकोनोमिक्स, बिजनेस स्टडीज और अंग्रेजी विषयों के साथ परीक्षा दी थी। अब उनका सपना दिल्ली विश्वविद्यालय से बीबीए करने का है। उनकी रुचि बिजनेस और फाइनेंस के क्षेत्र में है और भविष्य में वह एक सफल व्यवसायी बनना चाहती हैं।
पढ़ाई के अलावा जीलू को वाद-विवाद प्रतियोगिताओं में भाग लेना पसंद है। साहित्य पढ़ने का भी उन्हें विशेष शौक है। उनकी पसंदीदा उपन्यासों में लिटिल प्रिंसेस, आलमंड, सीक्रेट गार्डन आदि शामिल हैं। जीलू के बड़े भाई कार्तिक कुमार मेरठ के विषय इंजीनियरिंग कालेज से बीटेक की पढ़ाई कर रहे हैं।
अंग्रेजी शिक्षिका की मेहनत और छात्रा का समर्पण बना सफलता का सूत्र
जीलू की अंग्रेजी शिक्षिका नीता कपूर ने बताया कि पूरे वर्ष छात्रा के साथ लगातार मेहनत की, जिसका यह शानदार परिणाम सामने आया। उन्होंने कहा कि जीलू बेहद शांत स्वभाव की, अनुशासित और कक्षा में ध्यानपूर्वक सुनने वाली छात्रा रही हैं।
सिटी वोकेशनल पब्लिक स्कूल की अंग्रेजी विभागाध्यक्ष नीता माथुर ने कहा कि जीलू उपाध्याय ने परफेक्ट 100 अंक हासिल किए हैं। यह सिर्फ एक स्कोर नहीं, बल्कि अनुशासन, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास का प्रमाण है।
ऐसे की तैयारी
नीता कपूर ने बताया कि उत्कृष्टता केवल प्रतिभा से नहीं, बल्कि लगातार प्रयास, अवधारणाओं की स्पष्ट समझ और परिवार व शिक्षकों के सहयोग से हासिल होती है। जीलू ने हर उत्तर को कम से कम 10 बार लिखकर अभ्यास किया, बार-बार सुधार कराया और खुद को लगातार बेहतर बनाया।
अन्य विद्यार्थियों के साथ भी समान मेहनत की, लेकिन जीलू ने जिस समर्पण के साथ खुद को निखारा, वही उनकी सफलता का सबसे बड़ा कारण बना। यह हर छात्र के लिए प्रेरणा है कि सफलता मेहनत से अर्जित की जाती है। कहा कि जीलू की यह उपलब्धि मेरठ ही नहीं, पूरे देश के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बन गई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।