पत्नी की जान बचाने में पति ने गंवाई जान... इमर्शन रॉड से पानी गर्म करने के दौरान बुजुर्ग की करंट लगने से मौत
परीक्षितगढ़ के अगवानपुर गांव में एक दुखद घटना हुई, जहाँ 75 वर्षीय धनीराम की मौत जुगाड़ू इमर्शन रॉड से लगे करंट से हो गई। उनकी पत्नी चंद्रवती ने पानी ग ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
जागरण संवाददाता, मेरठ। जुगाड़ू विद्युत उपकरण अक्सर खतरे का सबब बन जाते हैं। परीक्षितगढ़ क्षेत्र के गांव अगवानपुर में जुगाडू इमर्शन राड का करंट लगने से वृद्ध की मौत हो गई।
परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के गांव अगवानपुर निवासी 75 वर्षीय धनीराम मजदूरी करते थे। उनके तीन बेटे चंद्रपाल, ब्रह्मपाल व मूलचंद मेरठ में रहकर मजदूरी करते हैं। घर में गर्म पानी की जरूरत थी। इसके लिए शनिवार रात डेढ़ बजे धनीराम की 72 वर्षीय पत्नी चंद्रवती ने डंडे पर हीटर का एलीमेंट लपेटकर बनाई गई जुगाड़ू इमर्शन रॉड को पानी से भरी बाल्टी में लगा दिया।
इसी दौरान अचानक चंद्रवती को जोरदार करंट लगा। वह चीखीं तो धनीराम ने पत्नी को बचाने के लिए धक्का दिया। पत्नी तो बच गईं लेकिन इस प्रयास में उन्हें खुद जोरदार करंट लग गया। बुरी तरह झुलसने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वृद्धा के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। चंद्रवती को अस्पताल में भर्ती कराया है।
पड़ोसियों ने थाना परीक्षितगढ़ पुलिस व उनके बेटों को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव पोस्टमार्टम को भेजा। बताया जाता है कि वृद्ध दंपती अकेला ही गांव में रहता था। एसओ परीक्षितगढ़ सुदीश कुमार ने बताया कि फोरेंसिक टीम ने मौके पर जांच की। सीओ सदर देहात शिव प्रताप भी घटनास्थल पर पहुंचे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।