यूपी के इस नगर निगम में पास हुआ 'एक राष्ट्र एक चुनाव' का प्रस्ताव, विपक्षी पार्षदों में हुई धक्का-मुक्की
Meerut Nagar Nigam मेरठ नगर निगम की बोर्ड बैठक में एक राष्ट्र एक चुनाव के प्रस्ताव को बहुमत से पारित किया गया। सांसद अरुण गोविल ने प्रस्ताव रखा जिसका समर्थन भाजपा पार्षदों ने किया। एआईएमआईएम और मुस्लिम लीग के पार्षदों ने प्रस्ताव का बहिष्कार किया। महापौर हरिकांत अहलूवालिया ने कहा कि मेरठ के पार्षदों ने एक नया अध्याय लिखा है।

जागरण संवाददाता मेरठ। नगर निगम की बोर्ड बैठक सोमवार को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के अटल सभागार में आयोजित हुई। जिसमें सांसद अरुण गोविल ने एक राष्ट्र एक चुनाव का प्रस्ताव रखा। जिसे बहुमत के आधार पर पार्षदों ने पास कर दिया। प्रस्ताव पास होते ही जय श्री राम के नारे अटल सभागार में गूंजे।
बोर्ड बैठक में महापौर हरिकांत अहलूवालिया, ऊर्जा राज्य मंत्री डॉक्टर सोमेंद्र तोमर, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज व भाजपा के सभी पार्षद और विपक्ष के पार्षद मौजूद रहे। एआईएमआईएम के पार्षद फजल करीम सहित मुस्लिम लीग के पार्षद में भी प्रस्ताव का बहिष्कार किया। इस दौरान भाजपा पार्षद अरुण मचल ने विरोध कर रहे एआईएमआईएम के पार्षद फजल करीम के हाथों से माइक छीन लिया, जिसे लेकर कहासुनी भी हुई। हालांकि मामला थोड़ी देर में ही शांत हो गया।
पार्षदों के बीच धक्का-मुक्की का फाेटो।
अरुण गोविल ने रखा प्रस्ताव
प्रस्ताव रखते हुए सांसद अरुण गोविल ने कहा, कि वर्तमान समय में एक राष्ट्र एक चुनाव की आवश्यकता है। ऐसा कोई वर्ष नहीं होता, जिसमें चुनाव नहीं होते हैं। साल भर में 2 से 3 महीने चुनाव में खराब हो जाते हैं धन और समय दोनों की हानि होती है। एक राष्ट्र एक चुनाव होने से इन सबसे बचा जाएगा। राष्ट्र संबंध उन्नति की ओर बढ़ेगा। कांग्रेस की सरकार ने कभी इस विषय पर नहीं सोचा उन्हें तो बार-बार चुनाव कराने की बुरी लत लग गई थी।
प्रदेश के सभी निगमों में चल रहा अभियान
ऊर्जा राज्य मंत्री डॉ सोमेंद्र तोमर ने कहा कि यह जनमत संग्रह नगर निगम नगर पालिका नगर पंचायत सभी से कराया जा रहा है। प्रदेश के अन्य नगर निगमों में भी ये अभियान चलाया गया है। जनमत संग्रह पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की अध्यक्षता वाली समिति के सामने भेजा जाएगा।
महापौर हरिकांत अहलूवालिया ने कहा की नगर निगम मेरठ के पार्षदों ने एक राष्ट्र एक चुनाव का प्रस्ताव पास करके एक नया अध्याय लिखा है, जो हमेशा याद किया जाएगा। देश की उन्नति के लिए एक चुनाव होना बहुत जरूरी है मोदी सरकार इस तरफ बढ़ रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।