हादसे में बाइक सवार इजरायली कपल घायल, मेरठ के अस्पताल में पत्नी को सीटी स्कैन को ले जाने का पति ने क्यों किया विरोध
Meerut News : मेरठ के दिल्ली-देहरादून हाईवे पर एक कार ने इजरायली दंपती की बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वे घायल हो गए। यरुशलम निवासी यूसुफ और लियो ऋषिकेश घूमने के बाद दिल्ली लौट रहे थे। पल्लवपुरम थाना क्षेत्र में ओवरटेक करते समय यह हादसा हुआ। घायल दंपती को सुभारती मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया।

सुभारती मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती इजरायली दंपती
जागरण संवाददाता, मेरठ। दिल्ली-दून हाईवे पर शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे इजरायली दंपती को कार ने टक्कर मार दी। ऋषिकेश घूमने के बाद दंपती बाइक पर दिल्ली लौट रहा था। दोनों को सुभारती मेडिकल कालेज के अस्पताल में भर्ती कराया है। अस्पताल प्रशासन ने जानी थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी है।
इजरायल की राजधानी यरुशलम निवासी यूसुफ अपनी पत्नी लियो के साथ टूरिस्ट वीजा पर भारत आए हैं। दंपती दिल्ली से पहले हरिद्वार और फिर ऋषिकेश घूमने गए थे। शुक्रवार को दोनों दिल्ली लौट रहे थे। हाईवे पर पल्लवपुरम थाना क्षेत्र में ओवरटेक करते समय उनकी बाइक को एक अज्ञात कार ने टक्कर मार दी।
कार सवार मौके से निकल गया। लोगों ने घायल दंपती को पास के एक निजी चिकित्सक से प्राथमिक उपचार दिलाया। इसके बाद बाइक से दंपती स्वयं सुभारती मेडिकल कालेज के अस्पताल पहुंचे। दोनों ने इमरजेंसी में डाक्टरों को अपना पासपोर्ट दिखाया। इसके बाद दोनों का उपचार शुरू किया गया। यूसुफ और लियो के हाथ और पैर में चोट है। दोनों पैदल चलने की हालत में भी नहीं थे।
पत्नी को सीटी स्कैन के लिए ले जाने पर पति ने किया विरोध
इमरजेंसी से लियो को सीटी स्कैन के लिए जैसे ही डाक्टर स्ट्रेचर से ले गए, तभी यूसुफ ने विरोध कर दिया। उसका कहना था कि अकेले लियो को कहीं नहीं जाने देंगे। उसके बाद यूसुफ और लियो को एक साथ ही सीटी स्कैन रूम में ले गए। तब दोनों का बारी-बारी से सीटी स्कैन किया गया।
बेकाबू टैंकर ने युवक को मारी टक्कर, पैर कुचले
जागरण संवाददाता, मेरठ। दीपावली को लेकर गगोल रोड पर रात में ग्राहकों की भीड़ बढ़ गई। शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे मदर डेरी से दूध का खाली तेज रफ्तार टैंकर दिल्ली रोड की तरफ आ रहा था। अछरौंडा मार्ग के सामने टैंकर ने पैदल जा रहे शताब्दी नगर निवासी सागर पुत्र रामअवतार को टक्कर मार दी।
टैंकर के नीचे आने से सागर के दोनों पैर कुचल गए। जयवीर पुत्र मोहित निवासी इंदिरापुरम टैंकर की चपेट में आने से बच गया। बेकाबू टैंकर के चलते भगदड़ मच गई। कई लोग गिरकर चोटिल हो गए। दिल्ली रोड पर अंडरपास के नीचे आने पर राहगीरों ने आरोपित चालक की पिटाई कर उसे पुलिस को सौंप दिया।
थाना प्रभारी सतवीर सिंह अत्री का कहना है कि आरोपित चालक राजकुमार पुत्र रामअवतार निवासी पडवा चौराहा जिला मैनपुरी को हिरासत में ले लिया है। वहीं, घायल सागर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।