यूपी के इस जिले में पूर्व सैनिक की बेटी से छेड़छाड़, अपहरण कर जबरन शादी की धमकी, छात्रा ने स्कूल जाना छोड़ा
Meerut News मेरठ के कंकरखेड़ा में पूर्व सैनिक की बेटी से छेड़छाड़ और अपहरण की धमकी का मामला सामने आया है। आरोपितों ने पीड़िता के पिता और भाई के खिलाफ झूठा केस दर्ज करा दिया जिससे बेटी ने स्कूल जाना छोड़ दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।

जागरण संवाददाता, मोदीपुरम (मेरठ)। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र की एक कालोनी में पूर्व सैनिक की बेटी के साथ छेड़छाड़ और जबरन शादी के लिए अपहरण की धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोपितों ने 2023 में पुलिस के साथ सांठगांठ कर पीड़िता के पिता और भाई के खिलाफ ही केस दर्ज करा दिया। इससे भाई डिप्रेशन में चला गया और 12वीं कक्षा में फेल हो गया। पूर्व सैनिक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह संविदा में सेना यूपी सब एरिया से जुड़े हैं।
उनके रिश्तेदार खिर्वा रोड स्थित जेवरी गांव के रामेश्वर के पास गढ़मुक्तेश्वर के हैदरपुर निवासी शेखर खारी का आना-जाना था। वह रामेश्वर के साथ उनके घर भी आया। कुछ दिन शेखर ने उनकी बेटी को परेशान करना शुरू कर दिया। स्कूल जाते समय उसके साथ छेड़छाड़ करने के साथ ही मोबाइल से फोटो खींचता था। शेखर ने उससे शादी करने को कहा। बेटी के विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी।
बेटी ने इस बारे में बताया तो रामेश्वर के पास गए। उसने उलटा उन्हें ही धमकी दी कि यदि रजामंदी से शादी नहीं हुई तो वह उसका अपहरण कर शेखर से शादी करवा देगा। इस डर से बेटी ने स्कूल जाना बंद कर दिया। आरोपित शेखर खारी विदेशी नंबरों से भी उसे काल कर परेशान कर रहा है। पीड़ित पूर्व सैनिक की तहरीर पर पुलिस ने रामेश्वर और शेखर खारी के खिलाफ नामजद केस दर्ज किया है। इंस्पेक्टर विनय कुमार ने कहा कि जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।
करंट से झुलसे इलेक्ट्रीशियन की मौत
मेरठ। सुशांत सिटी कालोनी में 20 दिन पहले खंभे पर तार जोड़ने के दौरान करंट से झुलसे इलेक्ट्रीशियन की मंगलवार रात उपचार के दौरान मौत हो गई। वह दो बहनों का इकलौता भाई था। सरूरपुर थानाक्षेत्र के गांव रजापुर निवासी 24 वर्षीय दीपांशु दिल्ली-दून हाईवे स्थित सुशांत सिटी में इलेक्ट्रीशियन था। 21 अगस्त को दीपांशु सेक्टर पांच में खंभे पर तार जोड़ रहा था। तभी करंट से झुलस गया था। कालोनी अध्यक्ष विक्रम सिंह तोमर ने झुलसे दीपांशु को सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया था।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।