पुलिस ने न सुनी तो पीड़िता ने महिला थाने में खा लिया जहर, हालत बिगड़ी...यह थी वजह
मेरठ में एक दुष्कर्म पीड़िता ने महिला थाने में पुलिसकर्मियों के सामने जहर खा लिया, जिससे उसकी हालत गंभीर है। पीड़िता ने आरोपी की गिरफ्तारी न होने से परेशान होकर यह कदम उठाया। घटना के समय थाना प्रभारी अनुपस्थित थीं, और पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

दुष्कर्म पीड़िता ने आरोपित की गिरफ्तारी न होने पर महिला थाने में पुलिसकर्मियों के सामने ही जहर खा लिया। (प्रतीकात्मक फोटो)
जागरण संवाददाता, मेरठ। दुष्कर्म पीड़िता ने आरोपित की गिरफ्तारी न होने पर महिला थाने में पुलिसकर्मियों के सामने ही जहर खा लिया। जनसुनवाई का समय होने पर भी महिला थाना प्रभारी सीता सिंह अपने घर पर थीं। घटना की सूचना पर निजी गाड़ी से थाने पहुंचीं। इसके बाद भी हेड कांस्टेबल मोनिका राठी को थाने की गाड़ी में महिला के साथ जिला अस्पताल भेजा गया। यहां से मेडिकल कालेज के अस्पताल रेफर कर दिया। महिला की हालत गंभीर है।
दो सीओ, मेडिकल व गंगानगर थाना पुलिस एवं एसपी देहात कार्यालय से संबंद्ध पुलिसकर्मी भी अस्पताल पहुंचे, लेकिन महिला थाना इंस्पेक्टर वहां भी नहीं पहुंचीं। महिला के दो बच्चे हैं और उसका पति उसे छोड़कर जा चुका है। मूलरूप से जनपद बांदा निवासी महिला व मुस्लिम युवक ने शादी की थी। दोनों वहां से मेरठ आकर गंगानगर थाना क्षेत्र के बक्सर में किराए के मकान में रहने लगे। दंपती के दो बच्चे हुए। इस बीच महिला के मकान मालिक के बेटे पवन पाल से संबंध बन गए। पवन की मृतक आश्रित में सिचाई विभाग में लिपिक के पद पर नौकरी लग गई। संबंधों का पता चलने पर स्वजन ने महिला से मकान खाली करा लिया।
महिला अपने परिवार के साथ दूसरी जगह किराए पर रहने लगी। महिला का आरोप है कि 10 नवंबर को पवन ने तमंचे के बल पर दुष्कर्म किया। महिला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज हुआ। मुकदमे की विवेचना सीओ सदर देहात कर रहे हैं। दस दिन बीतने के बाद भी पुलिस ने आरोपित पवन को गिरफ्तार नहीं किया। पीड़िता लगातार सीओ आफिस के चक्कर काट रही थी। शुक्रवार को पीड़िता पुलिस आफिस पहुंची। यहां पर एसपी क्राइम अवनीश कुमार जनसुनवाई कर रहे थे।
पीड़िता के उग्र होने पर उन्होंने पुलिस बल बुलाया और जीप में पीड़िता को महिला थाने भेज दिया। महिला इंस्पेक्टर सीता सिंह जनसुनवाई के समय भी थाने पर मौजूद नहीं थीं। 12 बजे से इंस्पेक्टर के इंतजार में महिला को पुलिस कस्टड़ी में थाने पर बैठाए रखा गया। इसी बीच महिला ने जहरीला पदार्थ खा लिया। थाने में मौजूद स्टाफ के हाथ-पैर फूल गए। महिला को पहले जिला अस्पताल और बाद में मेडिकल कालेज के अस्पताल रेफर किया गया।
महिला को जहरीला पदार्थ खाने के लिए उकसाने वाले के खिलाफ कार्रवाई होगी
महिला का उपचार कराया जा रहा है। मुकदमे में उसका मेडिकल और कोर्ट में बयान दर्ज किए जा चुके हैं। सीओ सदर देहात को विवेचना दी गई है। आरोपित की गिरफ्तारी को पुलिस की टीम लगाई है। साथ ही महिला को जहरीला पदार्थ खाने को उकसाने वाले का पता लगाकर उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।-अभिजीत कुमार, एसपी देहात

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।