नेता बनने के लिए डिग्री नहीं, सामाजिक सोच होना जरूरी है : संजय निषाद
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री संजय निषाद ने कहा कि नेता बनने के लिए डिग्री नहीं, सामाजिक सोच जरूरी है। उन्होंने समाज की समस्याओं को समझने और समाधान करने की क्षमता पर जोर दिया। निषाद ने गरीबों और वंचितों की सेवा करने की आवश्यकता बताई और निषाद समुदाय के उत्थान के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने युवाओं को समाज सेवा में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया।

विकास भवन में निषाद समाज के सम्मेलन पहुंचे डा. संजय निषाद। जागरण
जागरण संवाददाता, मेरठ। प्रदेश सरकार के मत्स्य मंत्री और निषाद समाज पार्टी के अध्यक्ष डा. संजय कुमार निषाद ने कहा कि राजनीति करने और निर्वाचित होकर सदन में जाने के लिए किसी डिग्री की आवश्यकता नहीं है, बल्कि सामाजिक और राजनीतिक सोच का होना जरूरी है। यही व्यवस्था संविधान में भी की गई है। राजनीति में आने वाले व्यक्ति का सामाजिक होना जरूरी है। ऐसे लोगों को ही हमारी पार्टी ने टिकट भी दिया है। प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी के कार्य जनता को पसंद आ रहे हैं, जिससे जनता का विश्वास बना है। इसी आधार पर जनता आगामी चुनाव में वोट देगी। मुसलमानों का विश्वास भी भाजपा पर बढ़ा है।
मत्स्य मंत्री संजय निषाद ने गुरुवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से यह बातें कहीं। वे आज यहां निषाद समाज पार्टी की जागरूकता यात्रा लेकर पहुंचे थे। इससे पहले उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और पार्टी के गाजियाबाद और मेरठ जनपद की दस विधानसभा के कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को भी संबोधित किया। पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि बिहार में विधानसभा चुनाव में एनडीए की जीत सुनिश्चित है। राहुल गांधी प्रधानमंत्री मोदी पर अमर्यादित टिप्पणी कर रहे हैं, जबकि जनता कांग्रेस से 70 साल के कार्यों का हिसाब मांग रही है। इसके साथ-साथ विपक्षी गठबंधन के तो मुखिया ही देश से बाहर हैं। यहां का चुनाव परिणाम इसी से स्पष्ट हो जाता है। कांग्रेस सपा और बसपा ने जनता का भरोसा तोड़ा है और भाजपा ने जनता के लिए तमाम कार्य किए यही कारण है कि जनता ने भाजपा को लगातार सत्ता में पहुंचाया है। भाजपा के कार्यों से जनता का भरोसा बढ़ा है। यहां तक की मुस्लिम समाज भी अब भाजपा पर भरोसा करने लगा है।
उन्होंने कहा कि भगवान राम के रावण के साथ युद्ध से लेकर देश की आजादी की लड़ाई में निषाद समाज समेत 169 जातियों ने साथ दिया था। आज उनके लिए आरक्षण की मांग हो रही है। जिसकी केंद्र सरकार ने पहल भी कर दी है। निषाद समाज के लिए सरकार बहुत से कार्य कर रही है और योजना चल रही है। 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी का भाजपा से साथ बना रहेगा।
उन्होंने कहा कि आजम खान ने मुस्लिम समाज को राजनीतिक ताकत दी। जब उनका बुरा समय आया तो सपा समेत सभी पार्टियों ने उनका साथ छोड़ दिया। अब वह जेल से बाहर आए हैं, तो अखिलेश भी उनसे मिलने पहुंच गए। आजम खान को खुद निर्णय लेना होगा की बुरे वक्त में कौन उनके साथ खड़ा रहा।
मत्स्य विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में उन्होंने मछुआरा समाज के लोगों के किसान क्रेडिट कार्ड न बनाने पर और बीमा योजना में लापरवाही पर अफसर को फटकार लगाई। बताया कि मछुआरा समाज के जिन लोगों के आयुष्मान कार्ड नहीं बने हैं उन्हें भी सरकार 5 लाख तक के इलाज की सुविधा दे रही है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।