Back Image

Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    दीपावली-छठ को लेकर रोडवेज की 103 बसें लगाएंगी अतिरिक्त चक्कर, इन शहरों में जाने वालों को नहीं होगी परेशानी!

    Updated: Sat, 18 Oct 2025 03:13 PM (IST)

    मीरजापुर परिवहन निगम ने दीपावली और छठ को देखते हुए बसों के फेरे बढ़ाने का फैसला किया है। जिले से 103 बसें चलाई जाएंगी, जो विभिन्न शहरों के लिए उपलब्ध होंगी। त्योहार के दौरान यात्रियों की संख्या में वृद्धि को देखते हुए, हर 15 मिनट में बस उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। सामान्य दिनों में नौ से दस हजार यात्री सफर करते हैं, लेकिन त्योहार पर यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना है।

    Hero Image

    जागरण संवाददाता, मीरजापुर। मीरजापुर परिवहन निगम की ओर से धनतेरस, दीपावली व डाला छठ को देखते हुए यात्रियों को रोडवेज की बसों की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए बसों का चक्कर बढ़ाने का निर्णय लिया है, ताकि त्योहार के दौरान घरों को आने-जाने वाले यात्रियों को साधन के लिए परेशान न होना पड़े।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मीरजापुर परिवहन निगम की ओर से जनपद से कुल 103 बसें संचालित की जाती हैं। इसमें 80 बसें रोडवेज की, जबकि 23 बसें अनुबंधित हैं। यह बसें पूर्वांचल के जनपदों भदोही, जौनपुर, वाराणसी, गाजीपुर, आजमगढ़, चंदौली व सोनभद्र सहित प्रयागराज, लखनऊ, रायबरेली, बरेली, अयोध्या, सीतापुर व नई दिल्ली के लिए चलती हैं।

    परिवहन निगम का मानना है कि दीपावली व डाला छठ पर हजारों यात्री दिल्ली, मुंबई, गुजरात आदि स्थानों से अपने घर आते हैं। ऐसे में यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है। इसे देखते हुए परिवहन निगम की ओर से यात्रियों को बेहतर यातायात की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए तैयारी पूरी कर ली गई है। यात्रियों को समय से मीरजापुर व विंध्याचल स्टैंड से बस मिले इसके लिए अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है। प्रत्येक 15 मिनट पर यात्रियों को बस उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है।

    आम दिनों में प्रतिदिन दस हजार यात्री करते हैं सफर

    आम दिनों में मीरजापुर व विंध्याचल परिवहन निगम की बसों से प्रतिदिन नौ से दस हजार यात्री सफर करते हैं। ऐसे में परिवहन निगम की ओर से संभावना जताई जा रही है कि त्योहार को लेकर दस हजार यात्री प्रतिदिन और बढ़ सकते हैं।

    दीपावली व डाला छठ के त्योहार को देखते हुए बसों को अतिरिक्त चक्कर लगवाने का निर्णय लिया गया है, ताकि यात्रियों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। -कल्पना श्रीवास्तव, एआरएम मीरजापुर।