Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    भंद्रा-मिर्जापुर चौराहे के बीच हुआ बड़ा हादसा, तेज रफ्तार ईको कार ने 3 बाइकों को मारी जोरदार टक्कर; एक की मौत व 7 घायल

    Updated: Tue, 17 Jun 2025 07:04 AM (IST)

    उत्तर प्रदेश के उसहैत थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। एक तेज रफ्तार इको कार ने तीन बाइक सवारों को टक्कर मार दी जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई और सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों में इको कार का ड्राइवर भी शामिल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

    Hero Image
    भंद्रा-मिर्जापुर चौराहे के बीच हुआ बड़ा हादसा (प्रतीकात्मक तस्वीर)

    जागरण, उसहैत। सोमवार रात थाना क्षेत्र में एक बड़ा हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार ईको कार ने तीन बाइक पर सवार लोगों को रौंद दिया, जिसमें एक की मृत्यु हो गई और सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कर दिया गया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कौन-कौन है घायल?

    हादसा सोमवार रात करीब 10:30 बजे हुआ। उस दौरान म्याऊं की ओर से उसहैत जा रही ईको कार ने भंद्रा गांव से पहले रिजोला निवासी शिवम (23) पुत्र प्रकाश, प्रवेंद्र कुमार (18) पुत्र शिवकुमार, अमित (25) पुत्र राघवेंद्र की बाइक में टक्कर मार दी। इसके कुछ दूर बाद ही भंद्रा गांव से निकलकर उसहैत निवासी नवीजान (48) की बाइक को रौंद दिया।

    इसके बावजूद कार की रफ्तार नहीं थमी। उसका चालक कार को तेजी से दौड़ाता रहा और कुछ दूर आगे चलकर एक और बाइक को रौंद दिया। उस बाइक पर गांव नरपत नगला निवासी किशनलाल, उनकी पत्नी भारती (40) और उनका 7 वर्षीय बेटा गोलू सवार था। वह सभी गंभीर रूप से घायल हो गए।

    कार चालक की हुई मौत

    हादसे के बाद इको कार भी पलट गई। जिससे उसका चालक भी घायल हो गया। उधर हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। सभी लोगों ने मिलकर किसी तरह घायलों को संभाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल भेज दिया।

    बताया जा रहा है कि इस हादसे में ईको चालक नौगवां निवासी अवनीश की मृत्यु हो गई। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। मृतक चालक अवनीश के स्वजन को भी सूचना दे दी गई है।

    चिकित्सक ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया है। उसहैत एसओ विक्रम सिंह ने बताया चालक अवनीश की मृत्यु हुई है। सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया है।

    बस्ती में दो गांवों के विवाद में सड़क पर फूंक दी बाइक व बोलेरो, लोगों ने भागकर बचाई जान; पुलिस हिरासत में आरोपी