रंगदारी, मारपीट और हंगामा! करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष योगेंद्र राणा जेल भेजे गए, थाने पर प्रदर्शन
करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष योगेंद्र राणा को रंगदारी, मारपीट और हंगामा करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी के बाद, उनके समर्थकों ने ...और पढ़ें
-1765046064330.webp)
थाने के बाहर प्रदर्शन करते करणी सेना के समर्थक
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। कैराना से सपा सांसद इकरा हसन के विरुद्ध विवादित टिप्पणी करने और फिर गुरुवार की रात साथियों संग पीआरवी कर्मियों की पिटाई करने वाले करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष योगेंद्र राणा ने अब रंगदारी मांग ली। रंगदारी देने से मना करने पर जानलेवा हमला किया।
पुलिस ने शिकायती पत्र के आधार पर योगेंद्र राणा, इसके भाई व करणी सेना के प्रदेशाध्यक्ष चेतन्य सिंह राणा और अंश के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली। पुलिस ने शनिवार की शाम योगेंद्र राणा को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के बाद प्रदेशाध्यक्ष कार्यकर्ताओं के साथ थाने पहुंच गए और हंगामा करते हुए धरने पर बैठ गए। करीब दो घंटे तक धरना चलता रहा।
कटघर के मुहल्ला पीतल नगरी समरधाम निवासी योगेंद्र राणा करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष है। जबकि इनके भाई चेतन्य सिंह राणा करणी सेना के प्रदेशाध्यक्ष है। सितंबर माह में योगेंद्र राणा ने कैराना से सपा सांसद इकरा हसन के खिलाफ टिप्पणी की थी। इसके बाद पूरे प्रदेश में सपाइयों में आक्रोश फैल गया था। इस मामले में कटघर पुलिस ने योगेंद्र राणा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।
वहीं गुरुवार की रात मझोला के मंडी चौकी चौकी इंचार्ज शिवम कुमार वशिष्ठ के अनुसार आरोपित योगेंद्र राणा बरवलान निवासी अंश शर्मा समेत कुछ लोगों के साथ मझोला क्षेत्र के रिलायंस पेट्रोल पंप के पास पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की थी। पुलिस थाने में लेकर गई तो वहां पर हंगामा किया था। इस मामले में पुलिस ने योगेंद्र राणा और अंश को गिरफ्तार करके प्राथमिकी दर्ज की थी।
शुक्रवार को दोनों का चालान किया था। हालांकि कोर्ट से दोनों को जमानत मिल गई थी। उधर शुक्रवार पीतल नगरी निवासी सुमित ने योगेंद्र राणा, इनके भाई चेतन्य राणा और अंश शर्मा के खिलाफ शिकायती पत्र कटघर पुलिस को दिया। शिकायती पत्र के माध्यम से बताया कि 26 नवंबर की शाम घर के बाहर खड़ा था। तभी योगेंद्र राणा, भाई चेतन्य सिंह राणा और अंश शर्मा के साथ पहुंचे। मुझसे रंगदारी मांगने लगे।
मना करने पर जानलेवा हमला कर दिया और फिर पांच हजार की रंगदारी वसूल करके ले गए। पुलिस ने शिकायती पत्र के आधार पर तीनों के खिलाफ शुक्रवार की रात प्राथमिकी दर्ज कर ली। वहीं शनिवार की शाम राष्ट्रीय उपाध्यक्ष योगेंद्र राणा को गिरफ्तार कर लिया। इस बात की जानकारी प्रदेशाध्यक्ष चेतन्य सिंह राणा को हुई तो वह कार्यकर्ताओं के साथ करीब सात बजे थाने पहुंच गए।
पुलिस से वार्ता के बाद हंगामा करना शुरू कर दिया। थाने के गेट पर धरने पर बैठ गए। सूचना पर एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह पहुंच गए। उन्होंने समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह योगेंद्र राणा को छोड़ने की मांग करने लगे। इस बीच पुलिस से नोकझोंक हुई। करीब दस बजे कुछ लोग धरना स्थल से उठकर चले गए, लेकिन प्रदेशाध्यक्ष थाने में ही धरने पर बैठे रहे।
शिकायती पत्र के आधार पर योगेंद्र राणा समेत तीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। योगेंद्र राणा को हिरासत में लिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
- कुमार रणविजय सिंह, एसपी सिटी
यह भी पढ़ें- मुरादाबाद मंडल में रिश्वत का गणित! कुल 16 ट्रैप, आधे केस सिर्फ इन 'दो' भ्रष्ट विभागों के

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।