UP Politics: सपा प्रदेश अध्यक्ष बोले- 'कुंदरकी उपचुनाव में हुई लोकतंत्र की हत्या, 2027 में पीडीए बनाएगी सरकार'
समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने कुंदरकी उपचुनाव में लोकतंत्र की हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने चुनाव आयोग पर सरकार के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया और कहा कि इससे जनता का भरोसा टूट रहा है। उन्होंने 2027 के चुनाव में पीडीए की ताकत से सपा की प्रचंड जीत का दावा किया।

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। UP Politics: समाजवादी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष श्याम लाल पाल ने सोमवार को मुरादाबाद के व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए भाजपा सरकार और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, कि कुंदरकी उपचुनाव में लोकतंत्र की खुली हत्या की गई थी। चुनाव आयोग सरकार के इशारे पर वोट चोरी करा रहा है। यही वजह है कि जनता का भरोसा टूट रहा है। उन्होंने दावा किया कि 2024 की तर्ज पर 2027 के चुनाव में पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की ताकत के बल पर सपा प्रचंड जीत दर्ज करेगी।
पार्टी की अंदरूनी स्थिति पर भी साफ संदेश दिया
श्याम लाल ने पार्टी की अंदरूनी स्थिति पर भी साफ संदेश दिया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के जयचंदों को जांच के बाद बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। पार्टी किसी भी कीमत पर विश्वासघात बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने खुलासा किया कि पूर्व सांसद डॉक्टर एसटी हसन की भी जांच कराई जा रही है और रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। पूजा पाल के सवाल पर उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कठिन समय में उनका हर संभव साथ दिया है।
भाजपा सरकार पर लगाए आरोप
प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार देश को संविधान के मुताबिक नहीं चला रही है। गरीब दिन-ब-दिन और गरीब हो रहा है जबकि कुछ चुनिंदा लोग मालामाल हो रहे हैं। संविधान के अनुच्छेदों की अनदेखी की जा रही है, जिसके कारण सबका साथ-सबका विकास का नारा खोखला साबित हो रहा है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पीडीए माध्यम से हर वर्ग की लड़ाई लड़ रही है। संविधान को बचाने और लोकतंत्र की रक्षा करने के लिए सपा की यह जंग लगातार जारी रहेगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।