साल के आखिरी दिन मुरादाबाद की झोली में गिरे ₹33.50 करोड़, शासन ने विकास के लिए खोले दरवाजे
वित्तीय वर्ष के अंतिम दिन मुरादाबाद को ₹33.50 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात मिली। इसमें चौधरी चरण सिंह चौक से गागन नदी तक नाले के लिए ₹14 करोड़, ...और पढ़ें

मुरादाबाद नगर निगम
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। वित्तीय वर्ष 2025-26 का अंतिम दिन नगर निगम के लिए राहत और विकास की सौगात लेकर आया है। शासन ने शहर की प्रमुख परियोजनाओं के लिए करीब 33.50 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की है। इसमें सबसे अहम दिल्ली रोड पर चौधरी चरण सिंह चौक से गागन नदी तक बनने वाला नाला है, जिससे बुद्धि विहार समेत आसपास के इलाकों को जलभराव से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
नगर निगम ने इस नाले के निर्माण के लिए 40 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा था, जिसमें से पहली किस्त के रूप में 14 करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं। इसके साथ ही डिजिटल लाइब्रेरी के लिए 8.50 करोड़, इंडोर स्टेडियम के लिए 23.94 करोड़ में पहली किस्त 11 रुपये पहली किस्त के रूप में जारी किए गए हैं।
यह नाला खुशहालपुर, फाजलपुर, अंबेडकर नगर, नया गांव, मिलन विहार, हुलसनगंज, गोपालपुर और पूरनपुर समेत कई क्षेत्रों के जल निकासी का मुख्य माध्यम बनेगा। लंबे समय से जर्जर हालत में पड़े इस नाले के पुनर्निर्माण से बरसात में होने वाली जलभराव की समस्या काफी हद तक खत्म होने की उम्मीद है।
इसके साथ ही खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए पंचायत भवन परिसर में इंडोर स्टेडियम, आडिटोरियम प्रस्तावित है। आडिटोरियम के लिए भी तीन से चार दिन में पैसा आने की संभावना है। इंडोर स्टेडियम के निर्माण से खिलाड़ियों को एक ही छत के नीचे आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
कैंप कार्यालय परिसर में बनेगी डिजिटल लाइब्रेरी
शिक्षा और तकनीकी संसाधनों को मजबूत करने के उद्देश्य से नगर निगम को डिजिटल लाइब्रेरी के लिए पूरी 8.50 करोड़ रुपये की धनराशि एकमुश्त स्वीकृत कर दी गई है। इस परियोजना के तहत आधुनिक तकनीक से लैस लाइब्रेरी तैयार की जाएगी, जहां छात्रों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को विशेष लाभ मिलेगा।
इन तीनों प्रमुख परियोजनाओं को मिलाकर नगर निगम को कुल 33.50 करोड़ रुपये की धनराशि जारी हुई है, जबकि स्वीकृत कुल परियोजना लागत 80 करोड़ रुपये है। शेष धनराशि आगामी चरणों में जारी की जाएगी।
एमडीए को भी नाला निर्माण को मिले चार करोड़
मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (एमडीए) को अवस्थापना निधि से 4 करोड़ रुपये नाले और नालियों के निर्माण के लिए जारी किए गए हैं। यह धनराशि शहर में चिह्नित नालों के निर्माण में लगाई जाएगी। जल्दी ही इसका टेंडर निकाला जाएगा। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अनुभव सिंह के अनुसार, इस धनराशि से प्राधिकरण क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाएगा।
शासन को जो प्रस्ताव भेजे गए थे, उसमें दिल्ली रोड पर नाला, इंडोर स्टेडियम, डिजिटल लाइब्रेरी के लिए पहली किस्त के रूप में धनराशि आवंटित हो गई है। अब टेंडर की प्रक्रिया जारी की जाएगी। दिल्ली रोड के नाला निर्माण से बुद्धि विहार में जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी।
दिव्यांश पटेल, नगर आयुक्त
यह भी पढ़ें- मुरादाबाद की तस्वीर बदलेगा गोविंदपुरम साइंस पार्क: ₹47.99 करोड़ की लागत से होगा तैयार, जानें क्या होगा खास
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।