ठाकुरद्वारा पालिकाध्यक्ष की मनमानी, GeM Portal की तीन निविदाओं को किया निरस्त; DM मानवेंद्र सिंह ने नोटिस भेजा और कहा…
GeM Portal नगर पालिका परिषद ठाकुरद्वारा के अध्यक्ष इरफान सैफी ने क्षेत्राधिकार से बाहर जाकर जेम पोर्टल की तीन निविदाओं को निरस्त कर दिया। इसके लिए उन्होंने पालिका के संबंधित लिपिक से पासवर्ड लिया। ठेकेदारों की शिकायत पर जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने पालिकाध्यक्ष ठाकुरद्वारा को नोटिस जारी किया है। तीन दिन में पालिकाध्यक्ष को नोटिस का जवाब देना है। नोटिस में कहा गया है कि...

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। GeM Portal: सरकार ने जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बनी कमेटी को जेम पोर्टल (GeM Portal) पर निविदाएं निरस्त करने का अधिकार दिया है। नगर पालिका परिषद, ठाकुरद्वारा के अध्यक्ष इरफान सैफी ने क्षेत्राधिकार से बाहर जाकर जेम पोर्टल की तीन निविदाओं को निरस्त कर दिया। इसके लिए उन्होंने पालिका के संबंधित लिपिक से पासवर्ड लिया।
डीएम मानवेंद्र सिंह ने ठाकुरद्वारा पालिकाध्यक्ष को भेजा नोटिस
ठेकेदारों की शिकायत पर जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने पालिकाध्यक्ष ठाकुरद्वारा को नोटिस जारी किया है। जिसमें कहा है कि आपके द्वारा क्षेत्राधिकार से बाहर जाकर निजी स्वार्थ के लिए मनमाने तरीके से जेम पोर्टल (GeM Portal) पर एमआरएफ केंद्र के लिए उपकरण क्रय किए जाने के लिए प्राप्त निविदाओं में से तीन को निरस्त कर दिया गया जबकि तीन फर्मों की निविदाओं को अर्ह घोषित कर दिया है। इससे उत्तर प्रदेश सरकार की छवि धूमिल हुई है। आपने अपने पद की शक्तियों का दुरुपयोग किया है क्यों न आपके वित्तीय अधिकारियों पर रोक लगाए जाने का प्रस्ताव शासन को भेज दिया जाएगा। तीन दिन में पालिकाध्यक्ष को इसका जवाब देना है।
एमआरएफ केंद्र की सामग्री खरीदने के लिए मांगी थी निविदाएं
कूड़ा निस्तारण के लिए बनने वाले एमआरएफ केंद्र की सामग्री खरीदने के लिए नगर पालिका ठाकुरद्वारा ने जेम पोर्टल (GeM Portal) के माध्यम से निविदाएं मांगी थी। इन निविदाओं को स्वीकृत एवं अस्वीकृत करने का अधिकार जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित क्रय समिति के पास है। लेकिन, पालिकाध्यक्ष ने संबंधित लिपिक दीपक कुमार को निलंबित करने की धमकी देकर पासवर्ड ले लिया।
पासवर्ड देने से मना करने पर बर्खास्त की धमकी
दीपक ने बताया कि दो अक्टूबर गांधी जयंती के दिन पालिकाध्यक्ष ने उसे अपने कमरे में बुलाया। कहा कि एमआरएफ केंद्र के लिए खरीदे जा रही मशीनों और उपकरणों की जानकारी दीजिए। उसने पत्रावली अधिशासी अधिकारी के पास होने की बात कही। इस पर पालिकाध्यक्ष कहने लगे मुझे कैसे पता लगेगा कि किन ठेकेदारों ने निविदाएं दी हैं। पासवर्ड दो मुझे खोलकर देखना है। मना करने पर उसे निलंबित एवं बर्खास्त करने की धमकी दी। डर के कारण दीपक ने पासवर्ड पालिकाध्यक्ष को दे दिया।
पालिकाध्यक्ष ने तीन निविदाओं को निरस्त कर दिया। चार अक्टूबर को अधिशासी अधिकारी के पास ठेकेदारों का फोन आया तो उन्होंने दीपक से जानकारी की। तब पता लगा कि निविदाएं पालिकाध्यक्ष ने निरस्त की हैं।
ईओ के पूछने पर स्वीकारा सच
ईओ ने अध्यक्ष से पूछा तो उन्होंने स्वीकार भी कर लिया। कहा कि मैं अध्यक्ष हूं। भुगतान मुझे ही करना है। मैंने ही निविदाएं निरस्त की हैं। उन्हें बताया कि यह अधिकार आपका नहीं है। क्रय समिति ही निविदाओं पर निर्णय ले सकती है। इस काम के लिए कुछ छह निविदाएं आई थीं। अध्यक्ष ने अपने चहेतों की तीन निविदाएं छो़ड़कर तीन को निरस्त कर दिया।
शिकायत की पुष्टि होने पर जिलाधिकारी ने नगर पालिकाध्यक्ष को नोटिस जारी कर दिया है। नोटिस में कहा कि लिपिक दीपक को किसी भी दशा में आइडी पासवर्ड किसी भी व्यक्ति को नहीं देना चाहिए।
पालिकाध्यक्ष के कार्य से शासन की छवि हुई धूमिल
साथ ही नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा बिना किसी अधिकार के बिना क्रय समिति के अनुमति के नियम विरुद्ध निविदा की तकनीकी स्वीकृत व अस्वीकृत करना अनुचित है। उनका यह कृत्य नियम खिलाफ एवं अत्यन्त ही आपत्तिजनक है। उनके इस कृत्य से शासन की मंशा के अनुरूप निष्पक्ष एवं पारदर्शितापूर्ण तरीके से निविदाओं की स्वीकृति का कार्य विकल हुआ है। शासन की छवि धूमिल हुई है।
अध्यक्ष नगर पालिका परिषद द्वारा के इस कृत्य में लिपिक दीपक कुमार की भी संलिप्तता स्पष्ट परिलक्षित होती है, क्योंकि जेम पोर्टल (GeM Portal) की यूजर आइडी व पासवर्ड उनके पास था, उनके द्वारा यदि अपने दायित्वों का सही प्रकार से निर्वहन किया जाता तो यह घटना घटित नहीं होती।
यह भी पढ़ें- रोटरी क्लब बरेली साउथ के तीन दिवसीय दशहरा मेला का आयोजन, टिकट के लिए क्यूआर कोड की सुविधा; वाईफाई से लैस होगा मैदान
नोटिस में वित्तीय अधिकार सीज करने की बात
नोटिस में पालिकाध्यक्ष से कहा कि क्यों न आपके वित्तीय अधिकार सीज करने का प्रस्ताव शासन को भेज दिया जाए। इससे पालिका कार्यालय में खलबली मची हुई है। उधर, पालिकाध्यक्ष इरफान सैफी से इस संबंध में बात करने के लिए उनका फोन मिलाया गया लेकिन, काल रिसीव नहीं हो सकी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।