नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने यूपी के इस जिले में खरीदी 50 बीघा जमीन, रजिस्ट्री कराने पहुंचे तो उमड़ी फैंस की भीड़े
मशहूर अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना में 50 बीघा कृषि भूमि खरीदी है। तीन साल बाद अपने पैतृक कस्बे पहुंचकर उन्होंने परिवार से मुल ...और पढ़ें
-1773332732259_m.webp)
सब रजिस्ट्रार कार्यालय पर बैनामा कराने के दौरान फिल्म अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)। मशहूर फिल्म अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने बुढ़ाना क्षेत्र में लगभग 50 बीघा कृषि भूमि खरीदी है। वह तीन साल बाद अपने पैतृक कस्बा बुढ़ाना इसी भूमि का बैनामा कराने पहुंचे। परिवार के साथ कुछ देर वार्ता के उपरांत सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में पहुंचकर बैनामा की प्रक्रिया पूरी कराई। मालूम चला है कि नवाजुद्दीन सिद्दीकी द्वारा खरीदी गई भूमि गांव हुसैनपुर कलां के रकबा में है। उसके छह बैनामे होने हैं, जिनमें से दो बैनामे गुरुवार को हो गए।
गुरुवार की दोपहर नवाजुद्दीन सिद्दीकी अपने मंझले भाई और फिल्म प्रोड्यूसर फैजुद्दीन सिद्दीकी के साथ बुढ़ाना स्थित मुहल्ला काजीवाडा के अपने पैतृक आवास पहुंचे। यहां सबसे पहले उन्होंने अपनी मां मेहरुनिशां से मुलाकात की और फिर अपने भाइयों एडवोकेट अलमासुद्दीन सिद्दीकी तथा माजुद्दीन सिद्दीकी से मिले। इसके बाद वह उनके साथ कार से ही बुढ़ाना तहसील परिसर पहुंचे। यहां एडवोकेट प्रशांत शर्मा के चैंबर में कृषि भूमि की खरीद से संबंधित दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए।
इसके बाद सब-रजिस्ट्रार पंकज कुमार जैन की मौजूदगी में बैनामा की प्रक्रिया पूरी की गई। अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए और अंगूठा निशानी लगाए। इस दौरान सब-रजिस्ट्रार कार्यालय के बाहर स्थानीय लोग और प्रशंसक जमा हो गए, जो नवाजुद्दीन को देखने, मिलने व सेल्फी लेने के लिए उतावले नजर आए।
बता दें कि नवाजुद्दीन सिद्दीकी बुढ़ाना के मूल निवासी हैं, अक्सर अपने पैतृक जगह से जुड़े रहते हैं। वह पहले भी यहां खेती बाड़ी में रुचि दिखा चुके हैं और किसानों के साथ समय बिताया है। उन्होंने कुछ वर्ष पूर्व अपनी जमीन में पौधरोपण भी किया था। तीन वर्ष पूर्व अपने एक भाई से विवाद के चलते उन्होंने बुढ़ाना से दूरी बना ली थी।
इस बार कृषि भूमि की खरीद से लगता है कि वह अपने पैतृक क्षेत्र में और मजबूती से जुड़ना चाहते हैं। यह भी मालूम चला है कि हुसैनपुर कलां में जो कृषि भूमि नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने खरीदी है, वह जैन समाज के परिवार की है। यह परिवार अब गांव में नहीं रहता है। हालांकि बैनामा कराने वाले अधिवक्ता प्रशांत शर्मा ने यह जानकारी देने से इन्कार कर दिया कि भूमि कितनी है और किसकी है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।