ग्रेटर नोएडा में निर्माणाधीन मकान से गिरी ईंट, दो बच्चे घायल
ग्रेटर नोएडा के तुगलकपुर गांव में निर्माणाधीन मकान से ईंट गिरने से दो बच्चे घायल हो गए। घायल बच्चे भाई-बहन हैं जिनमें से लड़के के सिर और लड़की के पैर में चोट आई है। दोनों का इलाज कैलाश अस्पताल में चल रहा है। यह घटना उस समय हुई जब मजदूर ऊपर ईंट ले जा रहा था और ईंट बिखर कर नीचे गिर गई जिससे बच्चे घायल हो गए।

जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र के तुगलकपुर गांव में रविवार दोपहर निर्माणाधीन मकान की ऊपरी मंजिल से ईंट गिरने से दो बच्चे घायल हो गए। दोनों भाई-बहन हैं। लड़के के सिर और लड़की के पैर में चोट आई है।
बच्चों का इलाज कैलाश अस्पताल में चल रहा है। फहीम तुगलकपुर गांव में परचून की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता है। उसके बगल में एक व्यक्ति नया मकान बनवा रहा है। पहली मंजिल का लिंटर डालने के साथ दूसरी मंजिल का निर्माण कार्य चल रहा है।
घटना रविवार दोपहर करीब दो बजे हुई। ऊपरी मंजिल के निर्माण के लिए मजदूर ईंट उठा रहा था। जैसे ही मजदूर ऊपर पहुंचा और ईंट अपने सिर पर रखी, ईंट बिखरकर नीचे गिर गई। जिस समय ईंट गिरी, उस समय फहीम का 12 वर्षीय बेटा अहद और बेटी आयत नीचे से गुजर रहे थे।
ईंट बेटे के सिर और बेटी के पैर पर गिरी। दोनों को लहूलुहान हालत में कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां दोनों का प्राथमिक उपचार चल रहा है। पीड़िता के परिजनों ने मामले की शिकायत पुलिस से नहीं की है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।