UP Roadways में निकली लेडी कंडक्टर की भर्ती, ये महिलाएं कर सकती हैं आवेदन
नोएडा में परिवहन निगम 15 जुलाई को महिला परिचालकों की भर्ती के लिए रोजगार मेला आयोजित करेगा। इंटर पास और 18 वर्ष से अधिक आयु की महिलाएं आवेदन कर सकती हैं। किलोमीटर के आधार पर भुगतान और दुर्घटना बीमा मिलेगा। भर्ती के लिए कुछ अनिवार्य प्रमाण पत्र भी आवश्यक हैं। पहले भी प्रयास किया गया था लेकिन कम महिलाएं शामिल हुई थीं।

जागरण संवाददाता, नोएडा। परिवहन निगम एक बार फिर से महिला परिचालकों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू करने जा रही है। इसके लिए 15 जुलाई निर्धारित की गई है। इस दिन रोजगार मेला लगाकर रोडवेज महिलाओं की भर्ती करेगा। इसके लिए निर्धारित मानकों के अनुरूप ही भर्ती की जाएगी।
तीन माह पूर्व भी रोडवेज की ओर से रोजगार मेला लगाकर महिलाओं की भर्ती की गई थी लेकिन उस समय महिलाओं ने खासा दिलचस्पी नहीं दिखाई थी। जिले में केवल तीन महिलाओं की भर्ती ही हो पाई थी। ऐसे में अब शासन के आदेशानुसार एक बार फिर से यह रोजगार मेला लगाया जा रहा है जिसके बाद महिला परिचालकों की भर्ती की जाएगी।
प्रदेश सरकार रोडवेज में महिलाओं को संविदा परिचालक बनने का मौका दे रही है। रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज कुमार सिंह ने बताया, महिला परिचालकों को संविदा पर नियुक्त करने के लिए 15 जुलाई को सुबह 10 बजे से नोएडा डिपो में रोजगार मेले का आयोजन होगा।
इंटर पास, 18 वर्ष से अधिक आयु की महिलाएं आवेदन कर सकती हैं। महिला परिचालकों को किलोमीटर आधारित पारिश्रमिक योजना के तहत भुगतान किया जाएगा। दुर्घटना बीमा भी मिलेगा। महिला अभ्यर्थियों के अनुबंध के लिए उनका उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन का सदस्य होना जरूरी है।
या फिर एनसीसी बी प्रमाण पत्र, एनएसएस और स्काउट गाइड संस्था के राज्य पुरस्कार एवं राष्ट्रपति पुरस्कार प्रमाण पत्र होना अनिवार्य है। इच्छुक महिलाएं 15 जुलाई को मेले में उपस्थित होकर परिचालक बनने की योजना में शामिल हो सकती हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।