नोएडा फायर डिपार्टमेंट को मिले 77 करोड़, जल्द खरीदेगा सीएएफ और 102 मीटर का हाइड्रोलिक प्लेटफार्म
नोएडा अग्निशमन विभाग को प्राधिकरण से 77 करोड़ रुपये मिले हैं, जिससे सीएएफ और 102 मीटर का हाइड्रोलिक प्लेटफार्म सहित अन्य उपकरण खरीदे जाएंगे। ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर। सौजन्य- AI Generated
HighLights
नोएडा प्राधिकरण से अग्निशमन को 77 करोड़ रुपये मिले।
सीएएफ और 102 मीटर हाइड्रोलिक प्लेटफार्म खरीदे जाएंगे।
62 होटलों की जांच, 16 को नोटिस जारी।
जागरण संवाददाता, नोएडा। गौतमबुद्ध नगर अग्निशमन विभाग को नोएडा प्राधिकरण से 77 करोड़ रुपये प्राप्त हो गए हैं। इस रकम से विभागीय अधिकारियों ने चार कंप्रेस्ड एयर फोम (सीएएफ) और 102 मीटर का हाइड्रोलिक प्लेटफार्म समेत अन्य उपकरण खरीदने का दावा किया है।
ग्रेटर नोएडा से प्राप्त रकम से भी उपकरण खरीदे जाएगे। बता दें कि अभी अग्निशमन विभाग के पास 42 मीटर के पांच हाइड्रोलिक प्लेटफार्म हैं। इससे किसी भी बहुमंजिला इमारत के करीब 14 मंजिल तक पहुंचने में सक्षम हैं।
नोएडा में सबसे ऊंची इमारत 80 मंजिल तक की सुपरनोवा स्पायरा है। यह करीब 250 मीटर ऊंची है। इस ऊंचाई के भवन तक पहुंचने के लिए अग्निशमन के पास हाइड्रोलिक नहीं है। विभागीय अधिकारी 72 और 102 मीटर के हाइड्रोलिक खरीदने का करीब छह साल से दावा कर रहे हैं।
इस बीच बिल्डिंग की ऊंचाई तो बढ़ गई लेकिन हाइड्रोलिक प्लेटफार्म कागजों में ही खरीदने के दावेभर हो रहे हैं। हर हादसे के बाद नोएडा के करदाता सुरक्षा को लेकर सवाल पूछते हैं। जिले की सरकारी मशीनरी को भी कठघरे में खड़ा भी करते हैं। उसके बाद भी कोई समाधान नहीं होता।
प्राधिकरण से 154 करोड़ में से मिली आधी रकम
मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि नोएडा प्राधिकरण की ओर से 154 करोड़ रुपये मिलने हैं। इनमें से आधी रकम के तौर पर 77 करोड़ रुपये शुक्रवार को जारी हुए। जल्द ही इनसें सीएएफ, हाइड्रोलिक व अन्य उपकरण खरीदे जाएंगे। अग्निशमन बेडे में शामिल किया जाएगा। इससे आग बुझाने की क्षमताओं में बढ़ोत्तरी होगी।
खबरें और भी
62 होटलों की जांच, 16 को नोटिस
मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि दिल्ली मालवीय नगर की घटना के बाद होटल, गेस्ट हाउस, रेस्त्रां आदि का निरीक्षण किया जा रहा है। आधारभूत सुविधा और फायर फाइटिंग सिस्टम को परखा जा रहा है।
तीन दिन में 62 होटलों की जांच की गई। हौजलाइन, पंप संबंधी खामियां और स्टाफ के प्रशिक्षु नहीं मिलने पर 16 होटल को नोटिस जारी किए गए हैं। जल्द खामियां दुरस्त करने के आदेश दिए गए हैं। खामियां दूर नहीं करने पर एनओसी रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी।