Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    जमीन विवाद में फायरिंग के बाद नदी में मिला लापता किशोर का शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

    Updated: Sat, 06 Dec 2025 07:09 PM (IST)

    जमीन विवाद में बीसलपुर के दो पक्षों में फायरिंग हुई। घटना के बाद लापता 17 वर्षीय विकास कुमार का शव देवहा नदी में मिला है। परिजनों ने गोलीबारी करने वाल ...और पढ़ें

    Hero Image

    प्रतीकात्‍मक च‍ित्र

    संवाद सहयोगी, जागरण, बीसलपुर। कोतवाली क्षेत्र के दो ग्रामों के ग्रामीणों के दो पक्षों के बीच नदी के किनारे स्थित जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते शनिवार सुबह दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इसके बाद गाली गलौज होने के बाद एक पक्ष ने फायरिंग शुरू कर दी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    फायरिंग होते ही दूसरे पक्ष के लोग मौके से भागे। किंतु उनका बेटा लौटकर उनके साथ नहीं आया। जिसका शव देवहा नदी की छाड़ में दोपहर काफी तलाश के बाद पुलिस को नदी के पानी में डूबा हुआ मिला। किशोर के परिजनों ने हमलावरों के ऊपर हत्या का आरोप लगाया है।

    कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भगवंतपुर करोड़ निवासी बलराम सिंह और उनके पड़ोसी गांव रम्पुरा नगरिया के ग्रामीण से देवहा नदी के किनारे स्थित जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। इसमें पहले भी दोनों पक्ष कई बार आमने-सामने आ चुके हैं। शनिवार सुबह भगवंत पुर करोड़ निवासी बलराम सिंह अपने पुत्र पंकज कुमार तथा पोते विकास कुमार के साथ जमीन पर खड़ी गन्ने की फसल को देखने गए थे।

    इसी दौरान पड़ोसी गांव रम्पुरा नगरिया के रहने वाले दूसरे पक्ष को इस बात की सूचना मिलते ही वह भी मौके पर अपने कई लोगों के साथ पहुंच गए। और आपस में उक्त जमीन को लेकर गाली गलौज होने लगा। इसी दौरान रम्पुरा नगरिया के रहने वाले लोगों ने फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग शुरू होते ही बलराम सिंह अपने पुत्र तथा पोते के साथ मौके से भागे।

    किंतु इसी बीच उनका पोता विकास कुमार रास्ते से गायब हो गया। इसके पश्चात बलराम सिंह पक्ष के लोगों ने विकास कुमार की काफी तलाश की किंतु उसका पता न चलने के बाद उन्होंने घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार शुक्ला पुलिस बल को लेकर पुलिस उपाधीक्षक प्रगति चौहान के साथ मौके पर पहुंच गए।

    उन्होंने बरेली जनपद से गोताखोरों को बुलाकर देवहा नदी की छाड़ में विकास सिंह की खोज कराई। कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने विकास सिंह 17 वर्ष का शव नदी के गहरे पानी से बाहर निकाल लिया इसके पश्चात पुलिस ने शव को सील कर पोस्टमार्टम हेतु जिला मुख्यालय भेज दिया है।

    मृतक विकास सिंह के परिवार के लोगों ने रम्पुरा नगरिया के फायरिंग करने वाले ग्रामीणों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस घटना की जांच करने में जुटी हुई है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार शुक्ला ने बताया कि अभी तक उन्हें मृतक किशोर के परिवार की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही कार्रवाई की जाएगी। मृतक किशोर विकास सिंह के घर में कोहराम मचा हुआ है।

     

    यह भी पढ़ें- पीलीभीत: सियार से टक्कर, फिर कार ने कुचला, युवक की दर्दनाक मौत