Pilibhit News: सजा काट चुके दुष्कर्मी मौलाना ने फिर की हैवानियत, मदरसा में पढ़ने आई मासूम को बनाया निशाना; गिरफ्तार
पीलीभीत में 24 साल पहले दुष्कर्म के दोषी मौलाना फिरोज खान ने फिर एक दस वर्षीय बालिका से छेड़छाड़ की। मदरसा में पढ़ने आई बालिका को उसने झाड़ू लगाने के बहाने बुलाया और कमरे में खींचने की कोशिश की। बालिका किसी तरह उसके चंगुल से छूटकर भागी और घर पहुंचकर घटना की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी मौलाना को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

जागरण संवाददाता, पीलीभीत। 24 वर्ष पहले बालिका से दुष्कर्म का दोषी मौलाना फिरोज खान सलाखों से बाहर आया तो फिर दुस्साहस कर बैठा। इस बार उसने मदरसा में पढ़ने आई दस वर्षीय बालिका को निशाना बनाया। उससे छेड़छाड़ की, कमरे में खींचने लगा। बालिका डरी-सहमी, मगर साहस नहीं छोड़ा। वह उसके शैतानी पंजे से छूटकर भागते हुए घर पहुंची और उसकी करतूत बेपर्दा कर दी। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपित मौलाना को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
फिरोज खान ने वर्ष 2001 में सात वर्षीय बालिका से दुष्कर्म किया था। पुलिस के अनुसार, उस घटना में पीड़ित बालिका की हालत गंभीर होने से कई दिन उपचार चला था। बाद में कोर्ट ने फिरोज को दोषी मानते हुए दस वर्ष कारावास की सजा सुनाई थी। फिरोज उस समय हाफिज था। सजा काटने के बाद जेल से बाहर आया तो देहात क्षेत्र में मदरसा संचालित करने लगा। अब वह मौलाना बन चुका था।
गुरुवार सुबह को मदरसा में पढ़ने वाली दस वर्षीय बालिका पहुंची तो फिरोज ने झाड़ू लगाने के बहाने उसे बुलाया, फिर छेड़छाड़ करने लगा। मौलाना की हरकत से असहज बालिका बमुश्किल चंगुल से छूटी और घर की ओर दौड़ लगा दी। उसने अपनी मां को घटनाक्रम बताया, जिसके बाद वे थाने पहुंचीं।
इंस्पेक्टर सत्येंद्र कुमार ने बताया कि बालिका की मां की तहरीर के आधार पर आरोपित मौलाना के विरुद्ध छेड़छाड़, पॉक्सो एक्ट, धमकाने की धारा में प्राथमिकी पंजीकृत कर ली थी। शुक्रवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
यह भी पढ़ें- Pilibhit News: नवजात शिशु की मौत पर ग्रामीणों ने नर्सिंग होम पर किया हंगामा, प्रभावशाली लोगों ने कर दिया समझौता
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।