Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Pilibhit Weather: पीलीभीत में घना कोहरा छाने की चेतावनी, मौसम विभाग ने दिया ताजा अपडेट

    Updated: Wed, 10 Dec 2025 01:37 PM (IST)

    पीलीभीत में ठंड का प्रकोप जारी है। मंगलवार सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस ...और पढ़ें

    Hero Image

    पीलीभीत में कोहरा। जागरण

    जागरण संवाददाता, पीलीभीत। जिले में ठंड का सितम लगातार बढ़ रहा है, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। मंगलवार को मौसम ने करवट ली और लोगों को गलन भरी सर्दी का अहसास हुआ। हालांकि, सुबह तड़के मौसम साफ था, लेकिन ठीक आठ बजे के करीब अचानक घना कोहरा छा गया। कोहरा और बदली छाए रहने के कारण सुबह के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और लोग ठंड से बुरी तरह ठिठुरते दिखाई दिए।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    तड़के साफ रहा मौसम, आठ बजे छा गया कोहरा


    मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में गिरावट और गलन ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। दिन भर सूर्य और बादलों के बीच आंख-मिचौली चलती रही। दोपहर के समय थोड़ी देर के लिए धूप निकलने से लोगों को हल्की राहत मिली भी, लेकिन उत्तर-पश्चिमी दिशा से चली बर्फीली हवाओं के कारण यह धूप बेदम साबित हुई।

    गलन के कारण लोग सिर से लेकर पैर तक गर्म कपड़ों, मफलर, और टोपियों में लिपटे नजर आए। शाम होते ही ठिठुरन में तेजी से वृद्धि हुई और दोबारा कोहरा छाने लगा, जिसके चलते लोग जल्द ही अपने घरों में दुबक गए और अलाव का सहारा लिया।

    आने वाले दिनों में बढ़ेगी गलन

    कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक शैलेंद्र सिंह ढाका ने मौसम के मिजाज की जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार को पूरे दिन गलन बनी रहेगी। उन्होंने किसानों और आमजन को सतर्क करते हुए यह भी संभावना जताई है कि आने वाले दिनों में घना कोहरा छा सकता है, जिसके कारण विजिबिलिटी कम रहने की आशंका है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक जिले में घने कोहरे और गलन की स्थिति बने रहने की चेतावनी जारी की है।