नशे में धुत युवक की हैवानियत, महिला से किया दुष्कर्म, दांत से काटा चेहरा और होंठ, जमीन में जिंदा दफनाने का भी प्रयास
प्रतापगढ़ जनपद के कुंडा स्थित एक गांव में एक व्यक्ति ई-रिक्शा चालक है। उसकी पत्नी को दो माह पूर्व पुत्री हुई है। शनिवार दोपहर वह घर के सामने धान पीट रही थी। इसी दौरान नशे में धुत एक युवक पहुंचा और उसके साथ दरिंदगी की। गंभीर हालत में महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ग्रामीणों में घटना को लेकर आक्रोश व्याप्त है।

प्रतापगढ़ जनपद के कुंडा के एक गांव में नशे में धुत युवक ने महिला से हैवानियत की, घायल कर दिया।
संसू, जागरण कुंडा (प्रतापगढ़)। क्षेत्र के एक गांव में शनिवार दोपहर मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई। नशे में धुत एक युवक ने महिला के साथ दुष्कर्म किय, फिर बर्बरता की। विरोध करने पर उसे उसके ही घर में गाड़ देने की कोशिश भी की। महिला के शोर पर ग्रामीणों के जुटते ही आरोपित मौके से फरार हो गया।
घर के सामने धान पीट रही थी, तभी पहुंचा आरोपित
घटना दोपहर करीब दो बजे की है। महिला अपने घर के सामने धान पीट रही थी, तभी पड़ोस का एक युवक नशे की हालत में वहां पहुंचा और अचानक उस पर टूट पड़ा। आरोप है कि युवक ने महिला के दोनों गालों को दांत से काट लिया और फिर उसका होंठ भी काटकर उसे लहूलुहान कर दिया। इसके बाद आरोपित ने महिला के साथ दुष्कर्म किया।
चीख-पुकार पर ग्रामीण दौड़े तो आरोपित फरार
महिला ने बताया कि दुष्कर्म के बाद युवक उसे खींचकर घर के अंदर ले जाकर जिंदा दफनाने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान उसके शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों को आता देख आरोपित वहां से भाग निकला।
सीएचसी कुंडा से जिला अस्पताल रेफर
जानकारी होने पर महिला का पति, जो ई-रिक्शा चालक है, तुरंत घर लौटा और गंभीर रूप से घायल पत्नी को लेकर कुंडा सीएचसी पहुंचा। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर हालत देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त
बताया जाता है कि पीड़िता को दो माह पहले बेटी हुई है। इस हैवानियत वाली घटना से पूरे गांव में आक्रोश है। ग्रामीणों ने आरोपित की जल्द गिरफ्तारी के साथ ही उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।