Pratapgarh News : सड़क हादसे में सेना के लांस नायक की मौत, रक्षाबंधन पर आए थे घर, नवंबर में बहन की उठनी थी डोली
प्रतापगढ़ के गड़वारा क्षेत्र में सेना के लांस नायक पंकज पाल की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। रायबरेली-जौनपुर हाईवे पर एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी थी। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया लेकिन रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई। सेना के जवानों ने उन्हें सलामी दी।

संवाद सूत्र, जागरण, गड़वारा (प्रतापगढ़)। छुट्टी लेकर रक्षाबंधन पर प्रतापगढ़ स्थित अपने घर आए एक फौजी की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। वह लांस नायक के पद पर इन दिनों लद्दाख में तैनात थे। सेना के जवानों ने उन्हें सलामी दी। अकस्मात हुई घटना से परिवार के लोग गमगीन हैं।
ईशीपुर निवासी 31 वर्षीय पंकज पाल सेना में लांस नायक के पद पर तैनात थे। इन दिनों उनकी पोस्टिंग लद्दाख में थी। रक्षाबंधन पर बहन से राखी बंधवाने के लिए वह आठ अगस्त को छुट्टी पर घर आए थे। सोमवार दोपहर घरेलू काम से बाइक से प्रतापगढ़ शहर आए हुए थे। रात 8:30 बजे वहां से लौटने के दौरान रायबरेली-जौनपुर हाईवे पर सकरनी पुल के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रयागराज में अस्पताल ले जाते समय रास्ते में हुई मौत
स्थानीय लोगों की मदद से पंकज पाल को इलाज के लिए राजा प्रताप बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर हालत देख चिकित्सकों ने उन्हें प्रयागराज के अस्पताल रेफर कर दिया। वहां ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम हाउस से सेना के जवान शव को लेकर घर आए। इसके बाद सलामी दी गई।
बहन के शादी की घर में चल रही थी तैयारी
पंकज तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। पिता इंद्रपाल की पहले ही मौत हो चुकी है। पंकज अविवाहित थे। छोटी बहन की शादी नवंबर में तय है। उसी की तैयारी चल रही थी। इसी बीच घटना हो गई। इससे मातम छा गया। क्षेत्र के मुन्ना सिंह, रिंकू तिवारी, प्रधान संजय पाल आदि ने नम आंखों से शोक जताया।
विधायक ने जताया दुख
भाजपा सदर विधायक राजेंद्र कुमार मौर्य ने लद्दाख में देश की रक्षा करने वाले सेना के जवान पंकज पाल की सड़क हादसे में मौत होने पर दुख व्यक्त किया। कहा कि उनकी मौत से न केवल देश की सेना के लिए अपूर्णनीय क्षति है, बल्कि जिले एवं समाज के लिए बहुत ही कष्ट का समय है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।