CM योगी प्रतापगढ़ में बोले- अगर किसी ने बहन-बेटियों की इज्जत पर हाथ डाला तो अगले चौराहे पर उसका खेल खत्म कर दिया जाता है
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का शुक्रवार दोपहर प्रतापगढ़ आगमन हुआ। यहां उन्होंने बेल्हा देवी का दर्शन और पूजन करने के बाद जीआइसी मैदान पहुंचे। यहां 570 करोड़ रुपये के 186 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद जनसभा को भी संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने विपक्षी पार्टियों को भी आड़े हाथ लिया।

जागरण संवाददाता, प्रतापगढ़। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को प्रतापगढ़ में सपा-बसपा की पूर्ववर्ती सरकारों में कानून व्यवस्था ध्वस्त होने पर प्रहार किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब भाजपा की सरकार है अगर किसी ने बहन-बेटियों की इज्जत पर हाथ डाला तो अगले चौराहे पर उसका खेल खत्म कर दिया जाता है।
सीएम ने कहा कि अब उत्तर प्रदेश में तुष्टिकरण की नहीं बल्कि विकास से संतुष्टीकरण की संस्कृति है। विकास में जाति नहीं योग्यता देखी जा रही है। जीआइसी कालेज के मैदान में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री ने संभल दंगे की न्यायिक आयोग की रिपोर्ट के बहाने भी सपा और बसपा के साथ कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा किवहां पर साजिश करके चुन-चुन कर हिंदुओं को मारा जा रहा था।
.jpg)
इसके साथ ही प्रधानमंत्री पर अपशब्द भाषा का प्रयोग करने के मामले में राहुल और तेजस्वी यादव को भी योगी ने कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने तीखे प्रहार से हमला किया। मुख्यमंत्री ने इस दौरान 570 करोड़ के 186 विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास किया।
.jpg)
दोपहर 2:30 बजे मुख्यमंत्री योगी लखनऊ से हेलीकाप्टर द्वारा दोपहर पुलिस लाइन के हेलीपैड पर पहुंचे। यहां से वह कार द्वारा बेल्हा देवी मंदिर पहुंचे। वहां 10 मिनट तक दर्शन-पूजन करने के बाद जनसभा स्थल पर पहुंचे। जनसभा को संबोधित करने के बाद वह वाराणसी के लिए प्रस्थान कर गए। मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश के परिवहन और प्रतापगढ़ के प्रभारी मंत्री दया शंकर सिंह समेत कई अन्य जनप्रतिनिधि मंच पर रहे।

मां बेल्हा देवी धाम पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दर्शन-पूजन के साथ में माता की आरती की। दो आचार्य पंडित मंगला प्रसाद रघु पांडा तथा दिव्यांशु जी महाराज ने उन्हें दर्शन&पूजन व आरती कराई। इसके बाद कार्यक्रम स्थल पर जाने को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रवाना हो गए। इस दौरान मां बेल्हा देवी धाम के प्रबंधक प्रमोद कुमार सिंह और मुन्ना भी मौजूद रहे।

शहर के जीआइसी मैदान स्थित कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा था। वही भीड़ का एक हिस्सा ऐसा भी है, जो योगी दर्शन को लालायित दिखा। अंबेडकर चौराहे से जीआइसी गेट तक धूप में लोगों की कतार नहीं टूट रही थी। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गेट पर तैनात पुलिसकर्मी एक-एक कर लोगों की तलाशी ले रहे हैं और उन्हें पंडाल की तरफ आगे बढ़ा रहे थे।।

सीएम ने विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का दिया मंत्र
मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने शुक्रवार को राजकीय इंटर कालेज में उ.प्र. मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (कोविड) के तहत ऐसे बच्चों को लैपटाप दिया, जिनके अभिभावक कोरोना से संक्रमित होने से गुजर गए। इसमें सीएम ने रानीगंज के बाबूपट्टी की अदिति शुक्ला, मेंडुआडीह के दिग्विजय सिंह, कटरा गुलाब सिंह के बगियापुर की प्रियम सिंह, आसपुर देवसरा के धरौली के प्रीतेश दुबे और मनगढ़ के ऊगापुर की दीप्ति को लैपटाप दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों से कहा कि...खूब मेहनत करो, सफलता कदम चूमेगी। मुख्यमंत्री ने एक जनपद-एक उत्पाद के तहत गोंड़े के वेद प्रकाश सिंह और कटरा मेंदनीगंज के इंद्र कुमार सरोज को भी डेमो चेक सौंपा। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत निकिता शर्मा, वीरेंद्र मौर्य और अश्वनी कुमार यादव और स्वयं सहायता समूह की रिंकू देवी, रीता और विजय लक्ष्मी को भी डेमो चेक देकर उनका हौसला बढ़ाया।

बेल्हा देवी मंदिर से जब योगी आदित्यनाथ जीआइसी मैदान पहुुचे तो वहां मौजूद जनसमुदाय ने उनका तहे दिल से अभिनंदन किया। यहां उन्होंने विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास करने के बाद जनसभा को संबोधित किया।
.jpg)
सीएम के आगमन को लेकर पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात व भीड़ प्रबंधन के कड़े प्रबंधन किए थे। मेटल डिटेक्टर से चेकिंग के बाद ही लोगों को अंदर प्रवेश दिया जा रहा था। मुख्यमंत्री के साथ कई गणमान्य लोग मंच पर उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा तंत्र सतर्क
सीएम योगी के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाया गया था। पुलिस अधीक्षक डा. अनिल कुमार के निर्देशन में विशेष सतर्कता बरती जा रही थी। कार्यक्रम स्थल जीआइसी मैदान, बेल्हा देवी धाम परिसर शहर के मुख्य रास्तों पर कानून-व्यवस्था एवं यातायात की सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी की जा रही थी। अराजक तत्वों पर इससे नजर रखी जा रही थी।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।