Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    भाजपा प्रदेश भूपेंद्र सिंह चौधरी प्रयागराज में बोले- 2005 के बाद जो बदलाव बिहार में हुए, उसके आधार पर मांग रहे वोट

    By Jagran News Edited By: Brijesh Srivastava
    Updated: Sat, 25 Oct 2025 01:26 PM (IST)

    भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने प्रयागराज में कहा कि बिहार में एनडीए अपने कार्यों के आधार पर चुनाव लड़ रहा है, जिसका नेतृत्व नीतीश कुमार कर रहे हैं। उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन की बात कही। भाजपा सरदार पटेल को राष्ट्र की चेतना का केंद्र मानती है और उनकी जयंती पर उन्हें याद किया जाएगा।

    Hero Image

    प्रयागराज के सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी व अन्य भाजपा पदाधिकारी। जागरण

    जागरण संवाददाता, प्रयागराज। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी का शनिवार को प्रयागराज आगमन हुआ। उन्होंने कहा कि बिहार में 20 वर्ष में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 11 वर्षों में जो कार्य किए गए हैं, उन्हीं कामों का लेखा जोखा लेकर हम जनता के बीच में हैं। मुझे विश्वास है कि बिहार की जनता वर्ष 1990 से वर्ष 2005 के कालखंड को भूली नहीं होगी। वर्ष 2005 के बाद जो बिहार में बदलाव हुए हैं। उसके आधार पर भाजपा वोट मांग रही है। 

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    अखिलेश के बिहार में प्रचार में जाने की बात पर क्या बोले

    बिहार चुनाव में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्टार प्रचारक हैं, जबकि उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सह प्रभारी के तौर पर सक्रिय हैं। छठ के बाद सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव भी प्रचार के लिए जाएंगे, ऐसी चर्चा है। इस पर प्रयागराज में प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, बिहार में सपा का कोई प्रत्याशी नहीं है। वह वहां क्यों जा रहे हैं इसकी ज्यादा जानकारी मीडिया को होगी। 

    एनडीए गठबंधन नीतीश के नेतृत्व में मजबूती से लड़ रही 

    उन्होंने कहा कि फिलहाल बिहार में एनडीए गठबंधन नीतीश कुमार के नेतृत्व में मजबूती से चुनाव लड़ रहा है। भाजपा ने वरिष्ठ नेताओं को प्रचार की जिम्मेदारी दी है। सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी चुनाव प्रबंधन और बूथ मैनेजमेंट कर रहे हैं।

    तेजस्वी यादव की बयानबाजी पर दी प्रतिक्रिया

    प्रधानमंत्री मोदी की रैली को लेकर तेजस्वी यादव की बयानबाजी पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, भारतीय जनता पार्टी अपने कामकाज के आधार पर वोट मांगती है। एनडीए सरकार ने ऐतिहासिक कार्य किए हैं। केंद्रीय गृह मंत्री के इस बयान पर कि बिहार में चुनाव के बाद विधायक सीएम तय करेंगे पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, सभी जानते हैं कि विधायक ही विधानमंडल का नेता चुनते हैं। यह भी सही है कि हम सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही बिहार में चुनाव लड़ रहे हैं। इसमें कहीं विवाद की स्थिति नहीं है।

    सरदार पटेल मात्र इतिहास नहीं, राष्ट्र की चेतना के केंद्र

    भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पहले गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जन्मतिथि भाजपा भव्य तरीके से मनाने की तैयारी कर रही है। 31 अक्टूबर से छह दिसंबर तक कई कार्यक्रम होंगे। इस पहल का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय गौरव जगाना, समाज के प्रति जिम्मेदारी बढ़ाना और एकता की भावना को मजबूत करना है। सरदार पटेल केवल इतिहास नहीं, राष्ट्र की चेतना के केंद्र हैं।

    सरदार पटेल की भव्यता से मनाई जाएगी जन्मतिथि

    सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा, एक भारत श्रेष्ठ भारत के प्रणेता सरदार वल्लभभाई पटेल की जन्मतिथि के उपलक्ष्य में प्रदेश की सभी विधानसभाओं में 31 अक्टूबर से 25 नवंबर को आठ किलोमीटर की पद यात्राएं निकाली जाएंगी। सरदार पटेल के जन्म स्थान करमसद से भी पद यात्रा निकाली जाएगी। 152 किलोमीटर की पदयात्रा उनके जन्म स्थान से स्टेचू आफ़ लिबर्टी तक जाएगी। यह यात्रा एकता समर्पण और राष्ट्र निर्माण को समर्पित होगी। इसके अलावा 31 अक्टूबर को हर जिले में रन फार यूनिटी का आयोजन किया जाएगा।